6 दिन से लापता महिला का कबीरधाम के जंगल में मिला कंकाल, पेड़ से बंधी मिली साड़ी, चूड़ियों से हुई पहचान, फैली सनसनी, फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
Skeleton of woman missing for six days found in Kabirdham forest; saree found tied to a tree and identity confirmed via bangles; incident sparks sensation; police conducting forensic investigation.
कबीरधाम : कबीरधाम के भोरमदेव थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता महिला का कंकाल जंगल में मिला है. महिला का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 28 वर्षीय चैती बाई, निवासी ग्राम चौरा के रूप में हुई है. महिला की पहचान उसके पति झंगल बैगा ने घटनास्थल पर मिली साड़ी और अन्य सामान के आधार पर की. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है.
पति ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मिली जानकारी के मुताबिक चैती बाई बैगा उम्र 28 साल 26 जुलाई की सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकली थी. लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की. लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उसके पति झंगल बैगा ने भोरमदेव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने महिला की तस्वीर आसपास के थानों में भेजी और मुखबिरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी थी.
जंगल में मिला कंकाल
2 अगस्त को ग्रामीणों को गांव से करीब 200 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों से तेज बदबू आने पर शक हुआ. जब वे मौके पर पहुंचे तो एक पेड़ पर महिला की साड़ी बंधी मिली. और पास में मानव कंकाल बिखरा हुआ था. खबर मिलते ही भोरमदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पति को बुलाकर तस्दीक कराई गई. जहां उसने साड़ी और अन्य सामान के आधार पर मृतका की पहचान चैती बाई के रूप में की.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने बताया कि महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. थाना भोरमदेव के चौरा गांव की चैती बाई बैगा कहीं चली गई थी. एक अगस्त को पति ने खबर दी थी. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की. पुलिस ने पतासाजी की. महिला का शव घर से 200 मीटर दूर मिला- अमित पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि महिला की मौत के बाद जंगली जानवरों ने शव को नुकसान पहुंचाया है. हालांकि मौत की असल वजह का खुलासा फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



