एलआईसी कार्यालय में सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध मौत, LIC दफ्तर अंदर फंदे से लटका मिला शव, मचा हड़कंप, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

Suspicious death of a security guard at the LIC office; body found hanging inside the premises, causing a stir; objectionable material recovered.

एलआईसी कार्यालय में सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध मौत, LIC दफ्तर अंदर फंदे से लटका मिला शव, मचा हड़कंप, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

कोरबा : जिला कलेक्ट्रेट के नजदीक स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय परिसर के भीतर सोमवार की सुबह एक सुरक्षा कर्मी का शव फांसी के फंदे से झूलता हुआ पाया गया. मृतक की शिनाख्त आराम मशीन क्षेत्र के रहने वाले विनोद सोनवानी उम्र 25 साल के तौर पर की गई है. जो इस दफ्तर में रात पाली (नाइट शिफ्ट) में सुरक्षा प्रहरी के रूप में तैनात था. घटना की भनक लगते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
फोन न उठाने पर पिता पहुंचे दफ्तर
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक विनोद रविवार को ही घर वापस आया था और उसके बाद रात की ड्यूटी के लिए एलआईसी ऑफिस चला गया था. रात के समय जब परिवार के सदस्यों ने उससे संपर्क करने के लिए फोन मिलाया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया. बेटे द्वारा फोन न उठाए जाने से चिंतित पिता राजेंद्र सोनवानी सुबह करीब 5 बजे सीधे एलआईसी दफ्तर पहुंच गए. वहां काफी देर तक आवाज लगाने और फोन करने पर भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. तो उन्होंने फौरन एलआईसी के अधिकारियों और अन्य स्टाफ को इस बात की जानकारी दी.
कमरे का दरवाजा खोलते ही उड़े होश
खबर पाकर जब बीमा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोलकर भीतर दाखिल हुए, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए. विनोद का शव कार्यालय के भीतर फंदे पर लटका हुआ था. कर्मचारियों ने फौरन इसकी खबर सिविल लाइन पुलिस को दी. जिसके बाद थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.
जांच में जुटी पुलिस, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है. जिसे जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है. शुरुआती तौर पर पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मानकर चल रही है. हालांकि विनोद ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया. इसकी असल वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है. पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए मृतक के परिजनों और एलआईसी के सहकर्मियों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?