धान की बोरियों में पानी डालने का खेल उजागर, ग्रामीणों ने पकड़ा रंगे हाथ, वीडियो वायरल, समिति के 4 कर्मचारी बर्खास्त, चार कर्मचारियों पर FIR
The scam of pouring water into paddy sacks was exposed; villagers caught them red-handed, the video went viral, four committee employees were dismissed, and an FIR was filed against four employees.
अभनपुर : धान खरीदी में गड़बड़ी और धान की बोरियों में पानी डालने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए भलेरा समिति के चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है. इसके अलावा उप आयुक्त सहकारिता ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी जारी किए हैं.
इस मामले को लेकर कलेक्टर गौरव सिंह ने तुरंत जाँच समिति का गठन किया. जांच समिति की रिपोर्ट में पाया गया कि धान में उच्च स्तर की नमी पाई गई. जिससे उपार्जित धान की गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ सकता था. भौतिक सत्यापन के दौरान करीब 10,500 बोरा धान नमीग्रस्त पाया गया, जिसका पंचनामा तैयार किया गया.
कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कड़ी निंदा की थी. उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सरकारी व्यवस्था के साथ इस तरह की धांधली किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने प्रशासन से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
दरअसल धान की बोरियों में पानी डाले जाने का वीडियो सामने आने के बाद शुक्रवार सुबह आक्रोशित किसानों ने समिति कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
किसानों की शिकायत के बाद गठित जांच दल ने पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट आयुक्त को सौंप दी. जिसके आधार पर समिति प्रबंधक विष्णु साहू, लिपिक उमेश साहू, चौकीदार इंदरमन निषाद और दैनिक वेतनभोगी जितेंद्र कुमार साहू को सेवा से हटा दिया गया है.
जांच समिति में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के शाखा प्रबंधक नरेंद्र चंद्राकर, प्राधिकृत अधिकारी लीलूराम साहू और आरंग विकासखंड के सहकारिता विस्तार अधिकारी सुमित डडसेना शामिल थे. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के तहत आगे एफआईआर दर्ज करने की भी तैयारी की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



