शराबियों का आतंक, जंगल में शराब पी रहे तीन युवकों ने मना करने पर वन कर्मियों की कर दी पिटाई, मचा हड़कंप, तीनों आरोपी फरार, तलाश जारी

Three youths drinking alcohol in the forest beat up forest officials when they objected, causing a stir, with the three accused absconding and a search underway.

शराबियों का आतंक, जंगल में शराब पी रहे तीन युवकों ने मना करने पर वन कर्मियों की कर दी पिटाई, मचा हड़कंप, तीनों आरोपी फरार, तलाश जारी

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के बकसपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को नशे में धुत तीन युवकों द्वारा वन विभाग के सिपाही पर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है. हमले में वनकर्मी को चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं. घटना उस समय हुई जब वन विभाग की टीम जिले में होने वाली बाघ की गिनती की तैयारी में जुटी हुई थी. हमले के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए जिनकी तलाश में पुलिस टीम सक्रिय रुप से जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक वन विभाग के सिपाही परमिट एक्का बकसपुर क्षेत्र में ट्रांजैक्ट लाइन तैयार करने के काम में लगे हुए थे. जिले में अगले दिन से बाघ की गिनती शुरु होनी थी, जिसकी तैयारी के लिए फॉरेस्ट टीम अलग-अलग क्षेत्रों में लगी हुई थी. दोपहर करीब 2 बजे, परमिट एक्का जब मुख्य मार्ग के पास पहुंचे. तो उन्होंने देखा कि जंगल के किनारे तीन युवक बैठकर शराब पी रहे थे. वनकर्मी ने उन्हें सरकारी क्षेत्र में शराब पीने से मना किया और दूसरी जगह जाने को कहा.
इस बात पर तीनों युवक अचानक आक्रामक हो गए. गुस्से में उन्होंने वनकर्मी पर पत्थरों से हमला कर दिया. हमले में परमिट एक्का के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं. आरोपियों ने यहीं नहीं रुके बल्कि वन विभाग की मोटरसाइकिल को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. मोटरसाइकिल की हेडलाइट, मीटर, टैंक सहित कई हिस्से तोड़ दिए गए. घटना के दौरान वनकर्मी किसी तरह अपनी मोटरसाइकिल के पीछे छिपकर जान बचाने में कामयाब रहे.
हमले के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए. घायल वनकर्मी किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की जानकारी दी. इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने राजपुर थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने फौरन जुर्म दर्ज कर तीनों आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं और शराब पीकर अक्सर क्षेत्र में उपद्रव मचाते रहते थे.
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में चल रहे बाघ गणना जैसे अहम काम के बीच इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरुरत है.
पिछले कुछ दिनों में बलरामपुर जिले में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं. हाल ही में कई घटनाओं ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. दिनदहाड़े हुए इस हमले ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर चिंता जताई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वनकर्मी परमिट एक्का का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. वन विभाग ने अपनी टीमों को सतर्क रहने और अकेले काम करने से बचने के निर्देश दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t