खेत जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, रिवर्स लेते समय गड्ढे में गिरा वाहन, इलाज के दौरान 32 वर्षीय चालक की मौत, परिवार और गांव में पसरा मातम
Tractor overturns while ploughing a field; vehicle falls into a ditch while reversing; 32-year-old driver dies during treatment; grief engulfs family and village.
गरियाबंद/देवभोग : गरियाबंद जिला में देवभोग थाना क्षेत्र के चलनापदर गांव में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में काम करते समय ट्रैक्टर रिवर्स लेते वक्त अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया. जिससे चालक गंभीर रुप से घायल हो गया. और उसकी इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस हादसे से परिवार और गांव में मातम पसर गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक चालक की पहचान टिके कुमार उम्र 32 साल के रूप में हुई है. वह अपने मामा के ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था. बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर डूमरपीटा गांव का है और उसके मामा का है. जुताई के दौरान ट्रैक्टर को रिवर्स करते समय चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन गड्ढे में पलट गया. हादसे में ट्रैक्टर चालक उसके नीचे दब गया. जिससे उसे गंभीर चोटें आईं.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने फौरन राहत कार्य करते हुए घायल को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया. अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया. लेकिन गंभीर चोटों की वजह से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने बताया कि घायल टिके कुमार को नाजुक हालत में अस्पताल लाया गया था. चिकित्सकों ने फ़ौरन इलाज शुरू किया. लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर के ऊपर चढ़ जाने से उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं और उसके कान से भी खून निकल रहा था.
हादसे की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



