BJP में नाराजगी का वायरल वीडियो, भरे मंच पर ही पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने छोड़ा मोमेंटो-गमछा, कांग्रेस बोली- जले में नमक

Viral video of displeasure in BJP, former minister Ajay Chandrakar left the momento-gamchha on the stage, Congress said- salt in the wound

BJP में नाराजगी का वायरल वीडियो, भरे मंच पर ही पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने छोड़ा मोमेंटो-गमछा, कांग्रेस बोली- जले में नमक

रायपुर : राज्य की सत्ता में वापसी के बाद प्रदेश भाजपा ने सदस्या अभियान की शुरुआत की थी. नए सदस्य बनाने वालों के लिए प्रदेश संगठन की तरफ से ऑफर था. सीएम सम्मान करेंगे और भोज में आमंत्रित भी करेंगे. शनिवार को सीएम हाउस में 5 हजार, 10 हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने वाले पदाधिकारी और नेताओं के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था. सम्मान समारोह के दौरान भाजपा के कद्दावर विधायक व पूर्व मंत्री की नाराजगी खुलकर सामने आ गई.
मंच पर मौजूद भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और विधायक के बीच सवाल-जवाब भी हुआ. सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में यह सब साफ-साफ देखा जा सकता है. इसे लेकर अब छत्तीसगढ़ की सियासत में चर्चा छिड़ गई है. सत्ताधारी दल के आम से लेकर खास के बीच तो चर्चा चल ही रही है. बहरहाल यह वीडियो अब कांग्रेस कार्यकर्ता से लेकर आम लोगों के बीच तेजी से वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल वीडियाें में मंच संचालन करने वाले की आवाज सुनाई देती है. मंच से ये कहा जा रहा है कि अब हमारे बीच विधायक अजय चंद्राकर आ रहे हैं. अतिथि उनका सम्मान करेंगे. मंच पर अजय चंद्राकर आते हैं. उनको आते देख डिप्टी सीएम अरुण साव केसरिया गमछा गले में डालने के लिए हाथ फैलाते हैं. विधायक अजय चंद्राकर उनको नजर अंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं.
सामने टेबल पर रखा गमछा उठाते हैं और कतार में सबसे आखिरी में खड़े भाजपा के क्षेत्रिय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के गले में गमछा डालते हैं. अजय जामवाल, विधायक का हाथ पकड़ लेते हैं और सहजता के साथ गमछा नहीं पहनाने की बात करते हैं. इसी बीच अजय चंद्राकर जामवाल के बाजू में खड़े प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंह देव के गले में गमछा डाल देते हैं. मोमेंटम वहीं छोड़कर पीछे पलटते हैं और मंच से लंबे-लंबे डग भरते नीचे उतर जाते हैं.
वायरल वीडियो में जो कुछ दिखाई दे रहा है उसमें सम्मान समारोह के मंच पर विधायक अजय चंद्राकर, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के बीच बमुश्किल पांच मिनट ही आपस में बात हुई होगी. वीडियो में तीनों नेताओं के बीच क्या बात हुई. किसने क्या कहा, कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा है. लेकिन जिस तरह तीनों का भाव भंगिमा और हावभाव दिखाई दे रहा है. यह तो साफ है कि जो भी हुआ ठीक नहीं था. अजय चंद्राकर की भाव भंगिमा बता रही है कि वे सहज नजर नहीं आ रहे हैं. असहज तो डिप्टी सीएम अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी नजर आ रहे हैं.
सम्मान समारोह के दौरान जो कुछ हुआ उसका वीडियो अब सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है. ऐसे में सवाल यह भी है कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भला कैसे पीछे रह सकती है. लिहाजा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के फेसबुक वाल पर यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है.
कांग्रेस ने BJP के सदस्यता अभियान सम्मान समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए निशाना साधा है. कांग्रेस की तरफ से शेयर किए गए इस वीडियो में BJP के सीनियर नेता और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय संगठन महासचिव अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के बीच कुछ बातचीत करते हुए दिख रहे हैं. कांग्रेस ने दावा किया है कि अजय चंद्राकर ने अजय जामवाल और किरण देव को जमकर खरी-खोटी सुनाई है और मंच पर ही सम्मान लौटा दिया.
कांग्रेस ने इस वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि भाजपा के राहु कहे जाने वाले अजय चंद्राकर ने फिर दिखाए अपने तेवर.. अजय जामवाल और किरण देव को जमकर सुनाई खरी खोटी.. मंच पर ही लौटा दिया सम्मान और गमछा. कभी 3 टके का सवन्नी भी धमका देता था. अब तो मंत्रालय भी नहीं मिला. ‘जले में नमक’ अजय दाऊ को सदस्यता अभियान का तम्बूरा पकड़ा रहे. इधर सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
अजय चंद्राकर ने किया पलटवार
कांग्रेस के इस पोस्ट पर अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए एक्स पर लिखा कि कांग्रेस के मित्रों को मैं बताना चाहता हूं कि मैं राहुल जी की तरह बिना समझे नहीं बोलता आप सभी लोगों ने मान. सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी तो पढ़ी ही होगी. मैंनें भाजपा के मंच पर कहा था- “कि मां (भारतीय जनता पार्टी) की सेवा में कोई सम्मान नहीं होना चाहिए और किया भी जा रहा है तो मान. प्रदेश अध्यक्ष किरण देव जी का होना चाहिए जिसकी प्रेरणा से ये महान लक्ष्य (सदस्यता) का संगठन ने प्राप्त किया। राजनीति करने के लिये कोई और विषय तलाश कीजिये”
कांग्रेस ने अजय चंद्राकर के वायरल वीडियो में बैकग्राउंड पर दिल पे चलाई छुरिया गाने का किया इस्तेमाल किया है. इस पर पूर्व मंत्री ने कहा कि मेरे दिल में कोई छुरी नहीं चल रही हैं. मुझे पार्टी ने छह बार टिकट दिया हैं। मेरा स्ट्राइक रेट जनता ने तय कर दिया है. कांग्रेस के कुछ बोलने से मुझे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

https://www.youtube.com/shorts/siQUccNGeU8

https://www.youtube.com/shorts/FY746WxaWAQ