युवाओं को कानून का खौफ नहीं!, स्टील के बटनदार फोल्डिंग धारदार हथियार रखने वाले दो आरोपी निखिल और सुमीत से 10 चाकू बरामद
Youths have no fear of the law! 10 knives recovered from two accused Nikhil and Sumit who had steel buttoned folding sharp weapons
बिलासपुर : लगता है न्यायधानी के युवाओं को कानून का खौफ नहीं रह गया है. बात बात में चाकूबाजी की घटनाएं हो रही है लेकिन दो युवकों से पुलिस द्वारा 10 चाकू बरामद किए जाने से विचारणीय प्रश्न यह है कि क्या शहर के युवा चाकुओं का व्यापार करने लग गए हैं? शिक्षा, पढ़ाई और व्यापार धंधे और नौकरी को छोड़ कतिपय युवा शहर के भटके युवाओं को चाकू की आपूर्ति कर अपराध की तरफ धकेल रहे हैं. पुलिस अभी तो ऐसे दो ही युवाओं को पकड़ा है. उनसे पूछताछ में शायद यह पता लग सके कि उन लोगों ने अभी तक कितने युवाओं के हाथ में चाकू थमा चुके हैं. और अगर ऐसा नहीं है तो वे किस जुर्म को अंजाम देने इतने सारे चाकू अपने पास रखे थे?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में लगातार अवैध हथियार रखने वालो पर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने शहरी भीड़-भाड़ वाले इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से घातक हथियार खरीदे थे. दोनों आरोपियों से 10 नग स्टेनलेस स्टील के बटनदार फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया गया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया था. इसी कड़ी में शनिवार को ए.सी.सी.यू. एवं थाना तारबाहर की संयुक्त टीम को रेलवे स्टेशन सर्विस प्रोवाइडर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी की विश्वसनीय खबर मिली.
टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई. जिनके कब्जे से कुल 10 नग स्टेनलेस स्टील के बटनदार फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किए गए.
आरोपी निखिल साहू पिता अन्जु साहू, उम्र 19 साल निवासी डीएलएस कॉलेज, बजरंगबली मंदिर के पास, सरकण्डा से 8 चाकू और आरोपी सुमीत चौरसिया पिता संदीप चौरसिया, उम्र 20 साल, निवासी मंगेली बाजार, हनुमान मंदिर, गौरेला से 2 चाकू बरामद किया गया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/25 एवं 221/25, धारा 25 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया.
उक्त कार्यवाही में एसीसीयू एवं थाना तारबाहर की संयुक्त टीम ने त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया. अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण/एसीसीयू) अनुज कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक कृष्णचंद्र सिदार, निरीक्षक अजरुद्दीन, उप निरीक्षक रामनरेश यादव प्र. आर. राहूल सिह, आतिश पारिक आर. प्रशांत सिंह, महादेव कुजुर, रवि यादव, रुपलाल चन्द्र ,राहूल राजपूत एवं अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. टीम की सतर्कता एवं सामूहिक प्रयासों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई है और उन्हें उचित पुरस्कार देने की घोषणा की गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



