नेशनल हाईवे पर मौत का तांडव, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को कुचला, उग्र ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर किया चक्काजाम, ड्राइवर ने किया सरेंडर
A death toll erupts on the national highway, as a speeding truck crushes two young men on a bike. Angry villagers block the road by placing the bodies on the road, and the driver surrenders.
बालोद : बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 930 एक बार फिर खून से लाल हो गया. बुधवार की बीती रात करीब 9 बजे जमहिटोला प्लाजा और ग्राम गुजरा के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक नम्बर CG15 DE 5031 ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जिससे उसकी पहचान तक नहीं हो सकी.
शवों को सड़क पर रखकर एनएच-930 को जाम किया
इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. गुस्साए ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर एनएच-930 को जाम कर दिया. जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मृतकों में एक युवक की पहचान ग्राम गुजरा निवासी डोमेन्द्र यादव के रूप में हुई है. जबकि दूसरे मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रक चालक बहुत तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया. जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. वही बताया गया है कि ट्रक चालक ने दल्लीराजहरा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया.
वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं. लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. लोगों ने मांग किया कि आरोपी चालक को फौरन गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और इस हाईवे पर स्पीड कंट्रोल व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं.
खबर मिलने के बाद दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम खत्म किया. जिसके बाद यातायात बहाल हो सका.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे यूं ही लोगों की जान लेते रहेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



