शौच के लिए निकली महिला, घर के बाहर से बुजुर्ग उकरी बाई को उठा ले गया तेंदुआ, 1 KM दूर मिला शव, गांव में तेंदुए के हमले से दहशत का माहौल
A leopard snatched an elderly woman, Ukri Bai, from outside her home while she had stepped out to relieve herself; her body was found a kilometer away, and the leopard attack has sparked panic in the village.
गरियाबंद/हाटमोहा : गरियाबंद जिले के सड़कपारसुली वन परिक्षेत्र के ग्राम हाटमोहा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर से बाहर निकली महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया. तेंदुआ महिला को घर के बाहर से उठाकर ले गया. हादसे के बाद जब महिला की तलाश शुरू की गई तो करीब 1 किलोमीटर दूर उसका शव बरामद हुआ. इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घटना पीपरछड़ी थाना क्षेत्र की है.
मिली जानकारी के मुताबिक लोहारी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले हाठ महुआ गांव में सुबह दिशा-शौच के लिए घर से बाहर निकली करीब 70 साल की बुजुर्ग उकरी बाई भुंजिया पति जोहर सिंह भुंजिया पर तेंदुए ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से महिला को संभलने का मौका नहीं मिला. बताया जा रहा है कि तेंदुए ने महिला के शरीर के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचाया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी भीम निषाद मौके पर पहुंचे. उन्होंने अपनी एंबुलेंस से महिला के शव को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. महिला का शव मिलने की खबर के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. घटना की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
तेंदुए के हमले की खबर फैलते ही हाटमोहा गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. वन विभाग की टीम घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है. लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
हमले के बाद ग्रामीणों के बीच यह चिंता भी बनी हुई है कि तेंदुआ आसपास के इलाके में ही मौजूद न हो. ऐसे में रात के समय खेतों और गांव से बाहर निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
फिलहाल घटना ने गांव में वन्यजीव सुरक्षा और मानव-तेंदुआ संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों की नजर अब वन विभाग की कार्रवाई और इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



