पुताई के लिए मिट्टी निकालने गई महिला की मौत, एक घायल, दो महिलाओं की बची जान, खदान धंसने से हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम
A woman who went to extract soil for whitewashing died, one was injured, two women survived, the accident occurred due to a mine collapse, and the village was plunged into mourning.
बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के वाड्रफनगर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां मिट्टी खदान धंसने से पुताई के लिए मिट्टी निकालने गई एक महिला की मौत हो गई. और एक गंभीर रुप से घायल हो गई. इस हादसे के वक्त मौके पर मौजूद दो अन्य महिलाएं सुरक्षित बच गई. हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकार के मुताबिक वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के मदनपुर में शुक्रवार सुबह ग्राम गुरमुटी निवासी सविता बाई पति विजय कुमार उम्र 35 साल गांव की अन्य तीन महिलाओं के साथ छुई मिट्टी निकालने के लिए ग्राम ककनेसा गई थी. ककनेसा में छुई मिट्टी की खदान है. जहां से आसपास के गांवों के लोग बड़ी तादाद में मिट्टी निकालते हैं.
छुई मिट्टी निकालने के लिए बनाए गए सुरंग में सविता बाई और एक अन्य महिला घुसी थीं. तभी अचानक सुरंग का ऊपरी हिस्सा धंस गया और दोनों महिलाएं मिट्टी में दब गई. साथ गई महिलाओं की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
एक महिला का कुछ हिस्सा मिट्टी से बाहर था. जिसे ग्रामीणों ने फौरन निकाल लिया गया. वहीं अंदर दबी सविता बाई को निकालने के लिए ग्रामीणों ने फावड़ा से खुदाई शुरु की. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सविता बाई को बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
ग्रामीणों ने घायल महिला को वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां उसका इलाज जारी है. वहीं, मृतका सविता बाई का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
छुई मिट्टी का इस्तेमाल सरगुजा अंचल में ग्रामीण क्षेत्रों में दीवारों और घरों की लिपाई-पोताई के लिए किया जाता है. यह सफेद और चिकनी मिट्टी है. दीपावली त्योहार से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं घरों की रंगाई पोताई के लिए इस मिट्टी को निकालती हैं. इस मिट्टी को निकालने में खतरा रहता है.
हर साल ऐसी घटनाएं होती हैं. ककनेसा में जहां यह हादसा हुआ. वहां खदान का ऊपरी हिस्सा भारी था. जो अचानक धंस गया और हादसा हो गया.
हादसे की खबर मिलने पर वाड्रफनगर तहसीलदार अनुराग केरकेट्टा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने असुरक्षित तरीके से छुई मिट्टी निकालने पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश पंचायत प्रतिनिधियों को दिया.
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील किया कि सुरक्षा उपायों के बिना खदानों में प्रवेश न करें और छुई मिट्टी निकालने के कार्य में सावधानी बरतें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



