सूदखोरी विवाद में कारोबारी की हत्या, मंदिर में हुलिया बदलकर रह रहा फरार आरोपी 2 महीने बाद गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

Businessman murdered over usury dispute; absconding suspect living in temple disguise arrested after 2 months, police achieve major success

सूदखोरी विवाद में कारोबारी की हत्या, मंदिर में हुलिया बदलकर रह रहा फरार आरोपी 2 महीने बाद गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

दुर्ग : सूदखोरी के विवाद में एक कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो महीने बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पहले ही 10 आरोपी पकड़े जा चुके थे. गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक वेदुरवाडा संतोष आचारी सोना-चांदी और ब्याज पर पैसे देने का कारोबार करता था. उसकी पत्नी वी. रानी सोनी उम्र 46 साल निवासी शीतला नगर, दुर्ग ने 7 नवंबर 2025 को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि संतोष आचारी ने दादू सोनी को ब्याज पर कुछ पैसे दिए थे. दादू सोनी लंबे समय से यह रकम नहीं लौटा रहा था. जिसके कारण दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था.
घटना वाले दिन 7 नवंबर 2025 को तड़के 3 से 4 बजे के बीच संतोष आचारी ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि दादू सोनी से पैसे मांगने को लेकर उनका विवाद हो गया है. उसने यह भी जानकारी दी थी कि दादू सोनी का बेटा और उसके कुछ साथी भी इस विवाद में शामिल थे.
सुबह करीब 7 बजे अस्पताल से परिवार को संतोष आचारी की हत्या की खबर मिली. पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 567/2025 के तहत धारा 103(1), 331(8), 111(2)(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की थी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
इस मामले की जांच के दौरान सामने आया कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि आपसी विवाद और रंजिश का नतीजा थी. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने सामूहिक रुप से मारपीट कर हत्या करना कबूल किया.
आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किए गए. सभी 10 आरोपियों को 8 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था.
हालांकि इस हत्याकांड में एक आरोपी धनराज सेन उर्फ धन्नु फरार चल रहा था. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. इसी बीच 15 जनवरी 2026 को मुखबिर से खबर मिली कि फरार आरोपी शिवनाथ नदी के पास शिव मंदिर के आसपास देखा गया है. मुखबिर की खबर पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया.
पूछताछ में उसने अपना नाम धनराज सेन उर्फ धन्नु उम्र 28 साल निवासी ढीमर पारा दुर्ग बताया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने भी हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली. इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB