पुस्तैनी जमीन का मुआवजा, हिस्सेदारी विवाद में भतीजे की हत्या, पुलिस ने 70 वर्षीय आरोपी मंगलू को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे
Compensation for ancestral land, nephew murdered in share dispute, police arrested 70-year-old accused Mangalu and sent him behind bars
रायगढ़/घरघोड़ा : रायगढ़ जिले में घरघोड़ा पुलिस ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही भतीजे की लकड़ी के बहिंगा से हत्या करने वाले 70 साल के आरोपी मंगलू राठिया को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. यह मामला ग्राम कुर्मीभौना (सुकबासीपारा) का है.
मिली जानकारी के मुताबिक एक ही परिवार के पवन कुमार राठिया उम्र 40 साल और उसके बड़े पिता मंगलूराम राठिया का पुस्तैनी जमीन ग्राम कुर्मीभौना में करीब 9 एकड़ की समलाती जमीन दर्ज है. जिसे एसईसीएल बरौद कोयला खदान द्वारा अधिग्रहित किया जाना प्रस्तावित है. जमीन अधिग्रहण से मिलने वाले मुआवजा को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था.
इसी बीच मंगलुराम जमीन के ऐवज में ₹2,00,000 गांव में उधार लिया था. जिसकी जानकारी मिलने पर पवन हिस्सा चाहता था और 20 जून की शाम पवन कुमार अपने बड़े पिता मंगलू राठिया के घर उधार रकम से हिस्से की रकम मांगने गया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ.
जिसमें गुस्से में आकर मंगलू राठिया ने धौंरा लकड़ी के बहिंगा से पवन के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर रुप से घायल पवन को परिजनों द्वारा पहले सीएचसी घरघोड़ा और फिर मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. थाना चक्रधरनगर में दर्ज बिना नंबरी मर्ग डायरी 21 जून को थाना घरघोड़ा को प्राप्त हुई.
घरघोड़ा पुलिस ने डायरी मिलने पर असल मर्ग दर्ज कर जांच शुरु की. जांच में आरोपी मंगलूराम राठिया पिता स्व गौठूराम राठिया उम्र 70 साल का नाम सामने आया. जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया और वारदात में इस्तेमाल खून लगा लकड़ी का बहिंगा पुलिस को पेश किया. जिसे जप्त कर लिया गया. आरोपी के खिलाफ कल 21 जून को अपराध क्रमांक 162/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, एएसआई संजीवन वर्मा, खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धो राम पटेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



