अपराधियों के हौसले बुलंद, रायपुर सेंट्रल जेल में गैंगवार की साजिश, यश शर्मा मर्डर केस के गवाह पर चाकू से हमला, कलेक्टर-SSP से शिकायत
Criminals are emboldened, gang war plot in Raipur Central Jail, witness in Yash Sharma murder case attacked with knife, complaint filed with Collector-SSP
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित केंद्रीय जेल एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है. जिस जेल को अपराधियों के लिए सबसे सुरक्षित माना जाता है. वहीं अब अपराध और साजिशें खुलेआम पनपती नजर आ रही हैं. बहुचर्चित यश शर्मा हत्याकांड के मुख्य गवाह कुशाल तोलानी पर जेल के भीतर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. जिसने कारण सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक कुशाल तोलानी को एक अन्य मामले में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सिर्फ एक दिन के लिए केंद्रीय जेल भेजा गया था. लेकिन इसी दौरान उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया. आरोप है कि यश शर्मा हत्याकांड में शामिल आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से साजिश के तहत जेल के अंदर ही हमला करवाया. ताकि गवाह को डराकर केस को कमजोर किया जा सके.
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला कैदी एनडीपीएस एक्ट में सजा काट रहा था. उसने धारदार हथियार से कुशल तोलानी पर हमला किया. घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया. गंभीर रुप से घायल गवाह को फौरन अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि कड़ी सुरक्षा और तलाशी के बावजूद जेल के भीतर चाकू जैसा हथियार आखिर आया कैसे? इस घटना का जिम्मेदार जेल प्रशासन की लापरवाही है या फिर अंदरुनी मिलीभगत से यह सब हुआ. इस सभी बिंदुओं पर जांच शुरु कर दी गई है.
इस पूरे मामले को लेकर कलेक्टर और एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जेल के भीतर कुछ अपराधियों को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं. जिससे उनके हौसले बुलंद हैं. साथ ही गवाहों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर लापरवाही बरती जा रही है.
कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि गवाह किसी भी न्यायिक प्रक्रिया की रीढ़ होते हैं. अगर उन्हें ही जेल के भीतर सुरक्षित नहीं रखा जा सके तो निष्पक्ष न्याय की कल्पना करना मुश्किल हो जाएगा. यही वजह है कि इस घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं. संबंधित जेल अधिकारियों से जवाब मांगा गया है और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जा रही है. जरुरत पड़ने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



