जमानत पर जेल से निकलकर रौब दिखाना पड़ा महंगा, फूल-मालाओं से स्वागत कर निकाली बदमाशों की रैली, वीडियो वायरल के बाद 9 आरोपी गिरफ्तार
Exiting jail on bail proved costly, criminals were welcomed with garlands and held a rally, 9 accused arrested after video went viral
भाटापारा : बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में जमानत पर जेल से रिहा हुए नौ आरोपियों के स्वागत में निकाली गई वाहन रैली उनके लिए ही मुसीबत बन गई. सोशल मीडिया पर रैली का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही रैली में शामिल वाहनों के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए नौ आरोपियों के स्वागत के लिए उनके साथियों ने भाटापारा क्षेत्र में कार और बाइक रैली निकाली. आरोपियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और इसके बाद सार्वजनिक मार्गों पर वाहनों का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान कई स्थानों पर नारेबाजी भी की गई.
रैली के दौरान बनाए गए वीडियो को बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया. देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंच गया. वीडियो में कई वाहन एक साथ सड़कों पर चलते दिखाई दिए. जिससे आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि रैली के दौरान कुछ स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. इलाके के नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि रैली में शामिल कुछ लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया. जिससे आसपास के लोगों में असहजता का माहौल बना. हालांकि इन आरोपों की भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने फौरन कार्रवाई के निर्देश दिया. निर्देश मिलते ही भाटापारा पुलिस ने रैली में शामिल लोगों की पहचान शुरू की और वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान खौफ फैलाने के आरोप में सभी 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. घटना में इस्तेमाल वाहनों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



