लव मैरिज के चार साल बाद ससुराल वालों ने दामाद का किया मर्डर, छेरछेरा त्यौहार के दिन दो साले गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
Four years after a love marriage, in-laws murdered son-in-law; two brothers-in-law arrested on the day of the Cherchera festival; search continues for the remaining accused.
सूरजपुर : सूरजपुर जिले के ग्राम द्वारिका नगर (कोरवा पारा, वार्ड नंबर 12) से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां छेरता पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं. लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम द्वारिकानगर में पारिवारिक रंजिश और आपसी विवाद के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक रामलल्लू अगरिया पिता पुजारी अगरिया उम्र 30 साल निवासी ग्राम द्वारिकानगर ने करीब चार साल पहले पहले पास के ही ग्राम सरईपारा निवासी टिकेश्वरी से लव मैरिज किया था. इस शादी से ससुराल पक्ष के लोग शुरु से ही नाराज थे और दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव चल रहा था.
शनिवार को छेरछेरा त्यौहार मनाया जा रहा था. शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रामलल्लू अपने घर में मौजूद था. इसी दौरान उसका ससुर ठाकुर सिंह, चाचा ससुर जलजीत सिंह और साले गेंदबिहारी, टेमसाय, भोले पैकरा पिता ठाकुर पैकरा सहित कुल 6 से 7 लोग लाठी-डंडे और टांगी जैसे धारदार हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे.
परिजनों के मुताबिक पहले शराब पीने के दौरान छोटे साले से मामूली विवाद हुआ. जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. गुस्से में आए ससुराल पक्ष के लोगों ने रामलल्लू पर जानलेवा हमला कर दिया. टांगी और लाठी-डंडों से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया.
बीच-बचाव करने पहुंचे रामलल्लू के भाई अनिल पर भी हमला किया गया. जिसमें उसे भी चोटें आईं. शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग और परिजन जुटने लगे. जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
घायल रामलल्लू को इलाज के लिए पहले स्थानीय स्तर पर और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
वारदात की खबर मिलने पर लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो सालों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है. और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
बताया जा रहा है कि यह मर्डर सिर्फ तात्कालिक विवाद का नतीजा नहीं थी. बल्कि इसके पीछे पुरानी पारिवारिक रंजिश और लव मैरिज को लेकर ससुराल पक्ष की नाराजगी भी एक बड़ी वजह रही है. छेरता जैसे पर्व के दिन हुई इस वारदात ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है. इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू विवाद और सामाजिक असहिष्णुता के गंभीर परिणामों को उजागर किया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



