तीर-धनुष से जंगल का डिनर, चीतल का शिकार कर पकाई सब्जी, टीना ने बिगाड़ दिया पूरा स्वाद, टिफिन में मांस और घर में खून से सने तीर, दो शिकारी गिरफ्तार

Hunting a Chital with a bow and arrow for a forest feast and cooking a curry; Tina ruined the flavor; meat found in a tiffin and blood-stained arrows at home—two hunters arrested.

तीर-धनुष से जंगल का डिनर, चीतल का शिकार कर पकाई सब्जी, टीना ने बिगाड़ दिया पूरा स्वाद, टिफिन में मांस और घर में खून से सने तीर, दो शिकारी गिरफ्तार

गरियाबंद : गरियाबंद उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा को चुनौती देने वाले शिकारियों पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर एंटी पोचिंग टीम ने ग्राम अमाड़ में दबिश देकर चीतल के शिकार का खुलासा किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जंगल में शिकार करने वालों की चालाकी अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है.
एंटी पोचिंग टीम को सूचना के बाद कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक 21 जून 2026 को एंटी पोचिंग टीम को खबर मिली कि अमाड़ क्षेत्र में वन्यप्राणी का शिकार किया गया है. खबर मिलते ही उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की टीम, डॉग स्क्वाड और वन परिक्षेत्र उत्तर उदंती (मैनपुर) के कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की. तलाशी के दौरान नरेश कुमार भुंजिया और बालाराम सोरी के घरों से चीतल के मांस की सब्जी, खून से सने तीर, खरगोश फंदे, मयूर पंख, बाज पंख, धनुष और अन्य शिकार सामग्री बरामद की गई.
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया जुर्म
पूछताछ में आरोपी नरेश कुमार ने कबूल किया कि उसने 17 जून को तारीपानी घाट क्षेत्र में तीर-धनुष से चीतल का शिकार किया था. इसके बाद वन विभाग की टीम आरोपियों को घटनास्थल लेकर गई और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की.
वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर उन्हें जिला एवं अपर सत्र न्यायालय गरियाबंद में पेश किया. जब्त किए गए मांस के नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए स्कूल ऑफ वाइल्डलाइफ फोरेंसिक एंड हेल्थ, जबलपुर भेजा गया है.
अधिकारियों के साथ टीना की भूमिका भी रही अहम
इस कार्रवाई में एंटी पोचिंग टीम के नोडल अधिकारी गोपाल कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी ज्योति ध्रुव, परिक्षेत्र सहायक पुनाराम साहू सहित वन विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही. डॉग स्क्वाड की सदस्य टीना ने भी जांच और सबूत जुटाने में अहम योगदान दिया.
वन विभाग की इस कार्रवाई को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. जंगल के बेजुबान जीवों पर निशाना साधने वालों के लिए यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है कि अब शिकार का खेल छिपाना आसान नहीं होगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t