छत्तीसगढ़ में रेड मारने गई पुलिस की गाड़ी ही उड़ा ले गया बदमाश, शातिर आरोपी मुकेश नामदेव को को ऐसे किया गिरफ्तार, सरकारी बोलेरो बरामद
In Chhattisgarh, a criminal stole the police vehicle that had gone to raid, the vicious accused Mukesh Namdev was arrested like this, government Bolero Bramad
अंबिकापुर : इसे कहते हैं “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत का एकदम नया और असली वर्जन! छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस के साथ कुछ ऐसा हुआ कि खुद खाकी के भी होश उड़ गए.
जब शिकारी खुद बन गया शिकार!
कोतवाली पुलिस की एक टीम पूरी तैयारी के साथ ‘सत्तीपारा’ इलाके में गांजा तस्करों पर रेड मारने निकली थी. प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे और उनका स्टाफ अपनी सरकारी बोलेरो शान से खड़ी कर, अपराधियों को दबोचने के लिए गाड़ी से उतरे. उन्हें क्या पता था कि जिस गांजे को वो पकड़ने आए हैं. उससे भी बड़ा “धमाका” उनके पीछे होने वाला है.
मौका भी था और दस्तूर भी
जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में गली-मोहल्लों में अंदर घुसी. पीछे से एक शातिर चोर मुकेश नामदेव की नजर चमचमाती बोलेरो पर पड़ी. पुलिस रेड में बिजी थी और इधर मुकेश भाई साहब ने आव देखा न ताव, सीधे पुलिस की गाड़ी पर ही हाथ साफ कर दिया और चंपत हो गए. पुलिस अंदर गांजा ढूंढ रही है और बाहर से उनकी गाड़ी ही गायब है! विभाग में हड़कंप मचना तो लाजिमी था.
एक ‘स्मार्ट’ गलती ने बिगाड़ा खेल
चोर मुकेश ने गाड़ी तो चुरा ली, लेकिन वो एक छोटी सी मगर “महंगी” चीज भूल गया. प्रशिक्षु डीएसपी साहब अपना मोबाइल फोन गाड़ी में ही छोड़ गए थे. बस फिर क्या था? साइबर सेल ने मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करना शुरु किया और चोर की लोकेशन ‘राम मंदिर’ के पास मिल गई.
क्लाइमेक्स: चोर पुलिस के हत्थे
अंबिकापुर पुलिस ने घेराबंदी की और मुकेश नामदेव को धर दबोचा. उसके पास से बोलेरो और चाबियां, दोनों बरामद कर ली गई हैं. पुलिस गाड़ी वापस मिल गई और थोड़ी किरकिरी भी हुई।चोर अब सलाखों के पीछे बैठकर सोच रहा होगा कि पुलिस की गाड़ी चुराना जितना ‘एडवेंचरस’ लगा था, उतना ही भारी पड़ा.
भले ही पुलिस ने चोर को पकड़ लिया हो. लेकिन इस घटना ने शहर की सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर कलेजा चाहिए पुलिस की ही रेड के दौरान उनकी गाड़ी उड़ाने के लिए...
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



