कान्ति साहू की हत्या को आत्महत्या का दिया रुप, डेढ़ साल बाद DNA रिपोर्ट से खुला राज, पुलिस ने बाप-बेटे को किया गिरफ्तार
Kanti Sahu's murder was made to look like a suicide; a DNA report revealed the secret after a year and a half. Police arrested the father and son.
रायपुर : रायपुर पुलिस ने डेढ़ साल पुराने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्या को आत्महत्या का रुप देने वाले आरोपी पति और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. जनवरी 2024 में खमतराई थाना क्षेत्र के उरकुरा में हुई कांति साहू की मौत के मामले में वैज्ञानिक सबूतों, विशेषकर DNA रिपोर्ट ने अहम भूमिका निभाई. जिसके बाद आरोपी पिता-पुत्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 जनवरी 2024 को खमतराई पुलिस को उरकुरा निवासी 44 साल कांति साहू की मौत की खबर मिली. जो प्रथम दृष्टया फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला लग रहा था. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरे मामले की दिशा बदल दी. रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतिका के शरीर पर 13 जगहों पर चोट के निशान थे और उसकी मौत दम घुटने (गला दबाने) से हुई थी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला (अपराध क्रमांक 419/24) दर्ज कर जांच शुरु की. जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के पति डोमार सिंह साहू और बेटे धरम राज साहू से कई बार पूछताछ की. दोनों लगातार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे. जिससे पुलिस का शक उन पर गहराता गया.
पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया. मृतिका के नाखूनों के सैंपल और अन्य बिसरा जांच के लिए भेजे गए. वहीं, शक के आधार पर आरोपी पति डोमार साहू और बेटे धरम राज साहू का भी DNA सैंपल लिया गया. हाल ही में आई DNA जांच रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि मृतिका के नाखूनों में मिले DNA सैंपल आरोपियों के DNA प्रोफाइल से मेल खाते हैं. जो कत्ल से पहले हुए संघर्ष की तरफ इशारा कर रहा था.
इस पुख्ता वैज्ञानिक सबूत के आधार पर जब पुलिस ने दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की. तो वे टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि आपसी घरेलू विवाद के चलते उन्होंने पहले कांति साहू के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. कत्ल को खुदकुशी का रुप देने और पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया था.
पुलिस ने दोनों आरोपियों, 51 साल के डोमार सिंह साहू और 25 साल के धरम राज साहू को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



