हाईवे ढाबों पर अवैध नशे के खिलाफ आधी रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ग्राहकों को शराब पिलाने वाले ढाबा संचालकों समेत 10 लोग गिरफ्तार, मचा हड़कंप

Police launched a major midnight crackdown against illegal alcohol at highway eateries, arresting 10 people, including eatery operators, who served alcohol to customers.

हाईवे ढाबों पर अवैध नशे के खिलाफ आधी रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ग्राहकों को शराब पिलाने वाले ढाबा संचालकों समेत 10 लोग गिरफ्तार, मचा हड़कंप

राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के सोमनी क्षेत्र में पुलिस ने नेशनल हाईवे पर स्थित ढाबों और होटलों पर देर रात अचानक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की. इस कार्रवाई में अवैध तरीके से शराब पिलाने वाले 3 ढाबा संचालकों को गिरफ्तार किया गया. वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए गए 7 लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया. सोमनी थाना प्रभारी अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार रात क्षेत्र के ढाबों की सघन जांच की. जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं.
जांच के दौरान अंजोरा स्थित “शान-ए-पंजाब” ढाबा के संचालक गुरुमेज सिंह (निवासी भिलाई) को ग्राहकों को शराब परोसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. वहीं देवादा क्षेत्र में स्थित “के.जी.एन. ढाबा” के संचालक अमर तेजवानी (निवासी लालबाग) और “हमारा ढाबा” के संचालक दीपक यादव (निवासी दुर्ग) के खिलाफ भी अवैध तरीके से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में कार्रवाई की गई.
पुलिस ने तीनों ढाबा संचालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत मामला दर्ज किया है. इसके साथ ही निवारक कार्रवाई करते हुए उन्हें धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया.
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबों में बैठकर सार्वजनिक रुप से शराब का सेवन कर रहे 7 लोगों को भी पकड़ा. इन पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई है. पकड़े गए लोगों में दुर्ग और राजनांदगांव जिले के निवासी शामिल हैं. जिनकी पहचान शेखर साहू, राहुल तामस्कर, शशांक वाजपेयी, पारस सिन्हा, आशीष अग्रवाल, प्रमोद साहू और सौरभ साहू के रुप में हुई है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाईवे और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब सेवन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. टीम द्वारा देर रात तक पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की गई. स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद न सिर्फ अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाना है. बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते नशे के मामलों को नियंत्रित करना भी है. आने वाले दिनों में ऐसे और अभियान चलाए जाएंगे.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t