नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, वीडियो वायरल, विभाग ने किया सस्पेंड, बोला-घर में मेहमान आए थे, इसलिए थोड़ी सी शराब पी, पालकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
A drunk teacher arrives at school, video goes viral, department suspends him, says he drank a little alcohol because guests were at home; parents warn of protests
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा. जिसके बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान लोगों ने शराबी शिक्षक का वीडियो भी बना लिया. इस मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. घटना लैलूंगा विकासखंड के छातासराई प्राथमिक शाला की है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक शाला छातासराई में पदस्थ सहायक शिक्षक कुष्टोराम भोय शराब पीकर स्कूल पहुंचे. स्कूली छात्रों ने इस बात की जानकारी अपने परिजनों को दी. जिसके बाद परिजनों की भीड़ स्कूल पहुंच गई. वहीं, कुछ युवाओं ने इस घटना का वीडियो बना लिया और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले की शिकायत कर दी. वीडियो देखने के बाद विभाग ने शिक्षक पर कार्रवाई की.
ग्रामीणों और छात्रों के परिजनों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं. जिस कारण से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पढ़ता है. छात्रों ने भी बताया कि टीचर अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं. कई बार तो वह नशे की हालत में स्कूल में ही सो जाते हैं और पढ़ाई भी नहीं कराते हैं.
शिक्षक के शराब के नशे की स्कूल आने के बाद जब परिजन स्कूल पहुंचे तो शिक्षक ने इस बात को कबूल किया कि उसने शराब पी है. शिक्षक ने ग्रामीणों और परिजनों से कहा कि मेरे घर में मेहमान आए थे जिस कारण से थोड़ी सी शराब पी ली है. शराब पीने के बाद उसी हालत में मैं स्कूल आ गया. हालांकि जब परिजन स्कूल पहुंचे थे तो शिक्षक नशे की हालत में ही बच्चों को पढ़ाने की कोशिश कर रहा था.
इस मामले में लैलूंगा विकासखंड के बीईओ रवि सारथी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं. सोमवार को भी उसके शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत मिली थी. इस मामले की रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई. जिसके आधार पर शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है. आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



