UPSC-PSC की कोचिंग के नाम पर रायपुर में छात्रों को लगाया 18 लाख का चूना, ठगी का आरोपी डायरेक्टर गिरफ्तार, पत्नी रुबी फरार
Raipur: Students duped of ₹18 lakh in the name of UPSC-PSC coaching; director arrested, wife Ruby absconding
रायपुर : राजधानी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर छात्रों से 18 लाख रुपये ठगने वाले कौटिल्य एकेडमी (Kautilya Academy) के डायरेक्टर पवन टांडेश्वर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि पवन टांडेश्वर और उसकी पत्नी रुबी मजूमदार ने छात्रों को बेहतर गाइडेंस और चयन की गारंटी का झांसा देकर फीस ली और फिर कोचिंग बंद कर फरार हो गए. सरस्वती नगर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक पवन और रुबी ने राजधानी में यूपीएससी और पीएससी कोचिंग सेंटर खोला था. उन्होंने 19 छात्रों से कुल 18,03,105 रुपये जमा करवाए. कुछ महीनों बाद कोचिंग बंद कर दी गई और आरोपित दंपति सभी छात्रों के नंबर ब्लॉक कर फरार हो गए. छात्रों ने 25 नवंबर 2024 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
पुलिस ने आरोपित पवन टांडेश्वर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उसकी पत्नी रुबी अभी भी फरार है. जांच में यह भी सामने आया कि पवन ने कोचिंग में पढ़ाने वाले फैकल्टी सदस्यों को दिए गए सैलरी चेक बाउंस करवा दिए थे. जिससे कई शिक्षकों ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई है.
आरोपित ने कोचिंग बंद करने के बाद छात्रों को बहलाते रहे और उन्हें जल्द शुरु करने का आश्वासन देते रहे. इसके बाद दोनों ने कोचिंग सेंटर को स्थायी रुप से बंद कर दिया. पुलिस फिलहाल रुबी की तलाश में है और उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है.
इस मामले से यह साफ होता है कि कई छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को आर्थिक नुकसान हुआ है. पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि इस तरह की धोखाधड़ी के मामलों में फौरन शिकायत दर्ज कराएं. आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



