पत्नी की पिटाई का विरोध करने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग, समझाने आए परिजनों को रिवाल्वर से मारी गोली, कट्टा-रिवाल्वर के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
Relatives who came to protest the beating of their wife were shot, relatives who came to pacify were shot with a revolver, two accused arrested with pistols and revolvers.
सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में घरेलू हिंसा का मामला उस वक्त खौफनाक वारदात में बदल गया, जब पत्नी के साथ मारपीट का विरोध करने पहुंचे रिश्तेदारों पर आरोपी पति ने साथी के साथ मिलकर गोली चला दी. दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने झुककर अपनी जान बचा ली. वरना बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं. यह सनसनीखेज मामला सक्ती थाना क्षेत्र के कार्रापाली गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले के बालपुर निवासी अजय सिंह गोड़ ने बताया कि वह अपने चाचा ससुर महंगु गोड़ के बुलावे पर गांव पहुंचा था. यहां परिवार के लोगों ने बताया कि तीजबाई नाम की महिला को उसका पति दिलेश्वर सिदार आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करता है. इसी बात को लेकर अजय सिंह गोड़, महंगु गोड़, बुंदीबाई और रमेश गोड़ आरोपी को समझाने उसके घर पहुंचे थे.
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दिलेश्वर सिदार भड़क गया और गुस्से में वहां से निकल गया. कुछ देर बाद जब पीड़ित पक्ष के लोग वापस लौट रहे थे. तभी गांव के बाहर तालाब के पास आरोपी अपने साथी सोमदेव सिदार के साथ हथियार लेकर पहुंच गया. दोनों ने बीच रास्ते में वाहन रुकवाया और गाली-गलौज शुरु कर दी. आरोप है कि इसी दौरान दिलेश्वर ने अचानक गोली चला दी.
फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पीड़ितों ने किसी तरह नीचे झुककर अपनी जान बचाई. वहीं आरोपी का साथी हाथ में कट्टा लेकर लगातार धमकियां देता रहा. वारदात के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को खबर दी.
मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी दिलेश्वर सिदार के पास से एक देशी रिवाल्वर और घटनास्थल से गोली का खाली खोखा बरामद किया. वहीं सोमदेव सिदार के कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया गया है.
सक्ती पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया. जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



