पति से ही मंगवाया जहर, फिर मुर्गा-भात में मिलाकर पति को खिलाकर उतारा मौत के घाट, सास पर लगाया आरोप, पत्नी सुनीता गिरफ्तार
She got poison from her husband, then mixed it in chicken and rice and fed it to her husband and killed him, blamed her mother-in-law, wife Sunita arrested
बलरामपुर : झारखंड के गढ़वा जिले के बाहोकुदर गांव में छत्तीसगढ़ की एक नवविवाहिता द्वारा शादी के महज 36 दिन बाद अपने पति की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपित पत्नी सुनीता सिंह ने पहले पति से कीटनाशक खरीदवाया और फिर उसी जहर को खाने में मिलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने मंगलवार को सुनीता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक 11 मई 2025 को बाहोकुदर निवासी बुधनाथ सिंह उम्र 22 साल की शादी छत्तीसगढ़ के विशुनपुर (रामचंद्रपुर थाना) निवासी रघुनाथ सिंह की बेटी सुनीता सिंह से हुई थी. शादी के अगले ही दिन सुनीता अपने मायके चली गई थी. उसने साफ़ कहा कि उसे पति पसंद नहीं है. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई और 5 जून को सुनीता दोबारा ससुराल लौटी. 14 जून को पति-पत्नी बाजार गए. जहां सुनीता ने कीटनाशक खरीदने की बात कहकर पति से जहर खरीदवाया. अगले दिन रात के खाने में सुनीता ने मुर्गा-भात में वही कीटनाशक मिलाकर पति को खिला दिया. जिससे बुधनाथ की मौत हो गई.
मृतक की मां राजमती कुंवर ने बहू पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की. पहले पूछताछ में सुनीता ने सास पर आरोप मढ़ा कि उसने खाने में जहर मिलाया था. उसका दावा था कि जहर मिला खाना उसे देना था. लेकिन गलती से सास ने बेटे को खिला दिया. हालांकि पुलिस की सख्ती और सबूतों के बाद सुनीता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपिया को जेल भेजा गया है. मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



