रायपुर में आवारा पशुओं का आतंक, सांड के हमले में युवक जख्मी, लोगों में आक्रोश का माहौल, इधर पागल कुत्ते ने किया हमला, 3 बच्चे समेत 6 लोग घायल
Stray animals wreak havoc in Raipur; a young man is injured in a bull attack, sparking public outrage. Meanwhile, a rabid dog has attacked people, leaving six injured, including three children.
सांड के हमले में युवक घायल
रायपुर : रायपुर के लाखे नगर क्षेत्र स्थित मुकुट नगर कॉलोनी में आवारा पशुओं और कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. स्थानीय निवासियों के मुताबिक सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों की वजह से आए दिन लोगों को परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ रहा है. हाल ही में सांड के हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक मुकुट नगर निवासी बाबू पाण्डेय सांड के हमले में घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें फ़ौरन इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना ने कॉलोनी में आवारा पशुओं की समस्या को फिर से उजागर कर दिया है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी की सड़कों पर बड़ी तादाद में आवारा मवेशी और कुत्ते खुलेआम घूमते रहते हैं. जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है. खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में डर महसूस होता है. शाम के समय हालात और भी ज्यादा गंभीर हो जाते हैं. जब पशुओं के झुंड सड़कों पर जमा हो जाते हैं और आवागमन बाधित होता है.
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम से मांग किया कि आवारा पशुओं और कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि सड़क पर चलना अब सुरक्षित नहीं रह गया है और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है. इस वजह से क्षेत्र में रहने वाले लोग लगातार प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं. नगर निगम प्रशासन की तरफ से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लेकिन घटना के बाद लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
पागल कुत्ते ने किया हमला, 3 बच्चे समेत 6 लोग घायल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : गौरेला जिले के जोगीसार गांव में एक पागल कुत्ते के अचानक हमले से इलाके में दहशत फैल गई है. इस घटना में राह चलते लोगों पर कुत्ते ने बिना किसी वजह के हमला कर दिया. जिसमें कुल 6 लोग घायल हो गए. घायलों में 3 बच्चे भी शामिल हैं. जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में डर का माहौल बना हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक कुत्ता अचानक सड़क पर घूम रहे लोगों पर झपट पड़ा और एक के बाद एक कई लोगों को काट लिया. स्थानीय निवासी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि वे अपने मामा के साथ गांव में जा रहे थे. तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया. इस हमले में उनके मामा की आंख के पास गंभीर चोट आई है. ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता पूरी तरह आक्रामक हो चुका है और सामने आने वाले हर व्यक्ति को निशाना बना रहा है.
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों की टीम ने सभी का इलाज शुरू किया. जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि कुल 6 मरीज लाए गए हैं. जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं. इनमें से 3 गंभीर घायलों को भर्ती कर एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है. सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं.
घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा देखा जा रहा है. लोगों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि इस पागल कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़कर गांव से दूर किया जाए. ताकि आगे किसी और पर हमला न हो। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते खतरे के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर संकट खड़ा हो गया है. डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत साफ पानी और साबुन से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर रेबीज का टीका लगवाना चाहिए. डॉक्टरों ने यह भी चेतावनी दी कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



