50 रुपये के लिए गला दबाकर पत्नी की हत्या, ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंका शव, आरोपी पति बिसाहू समेत भट्ठा मालिक का बेटा उमेश गिरफ्तार
Wife murdered by strangulation for 50 rupees, body thrown in the pit of brick kiln, accused husband Bisahu and kiln owner's son Umesh arrested
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के ग्राम सलखिया स्थित ईंट भट्ठा में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में लैलूंगा पुलिस ने कत्ल का जुर्म दर्ज कर मृतका के पति बिसाहू माझी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर शव को ईंट बनाने के गड्ढे में फेंका था. घटना की जानकारी होते हुए भी ईंट भट्ठा मालिक के बेटे उमेश बंजारा ने पुलिस को गुमराह कर सबूत छिपाने की कोशिश किया. जिस पर उसे भी आरोपी बनाते हुए कार्रवाई की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 अप्रैल को थाना लैलूंगा में ग्राम सलखिया के ठिर्रीमुड़ा ईंट भट्ठा में महिला की संदिग्ध मौत की खबर मिली थी. जिस पर उप निरीक्षक इगेश्वर यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मृतका की पहचान शारदा माझी उम्र 42 साल निवासी ग्राम घियारमुड़ा के रुप में हुई.
मृतका अपने पति बिसाहू माझी के साथ डेढ़ महीने से ईंट भट्ठा में काम कर रही थी. और वहीं रुकती थी. पति ने गांव वालों को दावा किया कि पत्नी गड्ढे में गिरकर मारी गई. लेकिन शव व घटनास्थल के निरीक्षण पर मामला संदिग्ध मालूम हुआ.
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देश पर बारीकी से जांच शुरु हुई. पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर मारने की पुष्टि हुई. जिसके आधार पर पति बिसाहू माझी से बारीकी से पूछताछ की गई. जिसमें उसने जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि पैसे को लेकर हुए विवाद में उसने पत्नी को पहले पीटा और फिर गला दबाकर हत्या कर दी. बाद में शव को ईंट के गड्ढे में डाल दिया.
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने घटना की जानकारी भट्ठा मालिक शकर बंजारा के बेटे उमेश बंजारा उम्र 27 साल को दी थी. जिसने पुलिस को खबर न देकर सबूत छिपाने की कोशिश की. इस पर उमेश बंजारा के खिलाफ धारा 239 बीएनएस के तहत अपराध जोड़ा गया है.
इस मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 113/2025, धारा 103(1), 238, 239 बीएनएस के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया. इस कार्रवाई में उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन, एएसआई चंदन नेताम और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



