चाकू की नोक पर युवक का अपहरण, गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी 50 हजार की फिरौती, एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Youth abducted at knifepoint; ₹50,000 ransom demanded under threat of framing him in a cannabis case; two accused, including a minor, arrested.

चाकू की नोक पर युवक का अपहरण, गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी 50 हजार की फिरौती, एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/रतनपुर : चाकू की नोक पर एक युवक का अपहरण कर उसे गांजा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. रतनपुर पुलिस ने मामले में एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक भेलवापारा कलमीटार निवासी युवक ने 24 जून को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था. तभी रतनपुर निवासी इशान सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके कुछ साथी वहां पहुंचे. आरोपियों ने युवक को बातचीत के बहाने घर से बाहर बुलाया और उसके बाहर आते ही गले पर धारदार चाकू अड़ा दिया.
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने जबरन उसे मोटरसाइकिल में बैठाया और कोरबाभांवर के जंगल की ओर ले गए. वहां पहुंचकर आरोपियों ने एक कागज पर थोड़ी तादाद में गांजा फैलाकर उसकी तस्वीर खींची और उसे धमकाया कि अब उन्हें जैसा बोलना होगा. वैसा ही फोन पर कहना पड़ेगा.
इसके बाद आरोपियों ने युवक से उसके घर फोन करवाया. युवक को मजबूर किया गया कि वह अपने परिजनों से कहे कि उसे गांजा मामले में पुलिस ने पकड़ लिया है और मामले को खत्म कराने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है. बेटे की बात सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और रकम की व्यवस्था करने के लिए तैयार हो गए.
आरोपियों ने पहले परिवार को महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास रकम लेकर आने को कहा. बाद में जगह बदलते हुए उन्हें रतनपुर हेलीपेड क्षेत्र के पास बुलाया गया. इसी दौरान युवक के परिजनों को पूरे घटनाक्रम पर शक हुआ और उन्होंने इसकी खबर पुलिस को दे दी.
खबर मिलते ही रतनपुर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी. जब आरोपी पैसे लेने पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी इशान सारथी और एक नाबालिग को पकड़ लिया. जबकि सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन तथा एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए.
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवक का अपहरण कर चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी दी और उसके परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची थी. मामले में रतनपुर थाना पुलिस ने अपहरण, धमकी और फिरौती मांगने सहित कई धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी रतनपुर की अगुवाई में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t