अज्ञात वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को मारी जोरदार टक्कर, 50 फीट घसीटने से मौके पर मौत, नाराज ग्रामीणों ने 2 घंटे तक किया चक्काजाम

An unidentified vehicle violently struck a young man out for a morning walk; he was dragged 50 feet and died on the spot. Angered villagers staged a road blockade for two hours.

अज्ञात वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को मारी जोरदार टक्कर, 50 फीट घसीटने से मौके पर मौत, नाराज ग्रामीणों ने 2 घंटे तक किया चक्काजाम

सक्ती : सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले देव चंद्रा उम्र 25 साल की मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. पुलिस-प्रशासन की समझाइश और सहायता राशि दिए जाने के बाद करीब 2 घंटे बाद जाम खत्म हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक डभरा निवासी देव चंद्रा पिता रामगोपाल चंद्रा उम्र 25 साल हर दिन की तरह गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था. पुटीडीह नाला के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को करीब 50 फीट तक घसीटा गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया.
मौत के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. वे हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की फौरन गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. चक्काजाम की वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दो घंटे तक प्रभावित रही.
समझाइश के बाद खुला रास्ता, मिली सहायता राशि
खबर मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. इस दौरान रिश्तेदारों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की गई. इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया.
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t