खाद बिजली और पानी की विकराल समस्या और उपेक्षा से नाराज भारतीय किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
Angered by the severe problems of fertilizers, electricity and water and the neglect, the Bharatiya Kisan Sangh submitted a memorandum and warned of a major agitation.
गरियाबंद : भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने आज किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में किसानों ने खाद, बिजली और पानी की समस्या को प्रदेश में विकराल बताते हुये तत्काल समाधान की मांग की है.
किसान संघ के गरियाबंद जिला अध्यक्ष माधवसिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में खाद की कालाबाजारी की वजह से किसानों को महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है. बिजली कटौती से खेती प्रभावित हो रही है. और नहरों का पानी अंतिम गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा है. किसानों का कहना है कि ऐसा मालुम हो रहा है कि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. अधिकारी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है.
किसान संघ के तहसील अध्यक्ष गंगूराम साहू ने अपनी मांगों में प्रमुख रुप से सहकारी समितियों में खाद का भंडारण सुनिश्चित करने, बिजली कटौती पर रोक लगाने और घरेलू बिजली पर हाफ बिजली बिल योजना फिर से लागू करने की बात कही, साथ ही सिंचाई का रकबा बढ़ाने, नहरों से अंतिम गांव तक पानी पहुंचाने, पिछली सरकार की न्याय योजना की बकाया राशि दीपावली से पहले भुगतान करने की मांग की गई है.
इसके अतिरिक्त किसान संघ ने धान का समर्थन मूल्य ₹3286 प्रति क्विंटल किये जाने तथा धान खरीदी. 1 नवंबर से शुरु करने की मांग रखी है. साथ ही दलहन-तिलहन की खेती पर ₹20 हजार प्रति एकड़ अनुदान, रबी फसलों की खरीदी, गन्ना फसल को कृषक उन्नति योजना में शामिल करने और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिये अनुदान देने की मांग की गई है.
संघ ने चेतावनी दी कि अगर इन मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो भारतीय किसान संघ बड़े आंदोलन के लिये मजबूर होगा.
एसडीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में संघ के जिला अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, तहसील अध्यक्ष गंगूराम साहू, अभिमन्यु ध्रुव, गंगाराम सिन्हा, राजेन्द्र राजपूत, अर्जुन सोनवानी ग्राम छिंदोला सुरेश कुमार सिन्हा, सुनील नागेश, पुरुषोत्तम ध्रुव ग्राम नहरगांव, ललित निषाद ग्राम कोचबॉय, रामकुमार ठाकुर ग्राम रावनसिंघी आदि मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



