हथियारबंद बदमाशों का हमला, कार सवार को लूटने की कोशिश, ऑटो ड्राइवर भी लूट का शिकार, तलाश में जुटी दो जिलों की पुलिस, इलाके में दहशत का माहौल
Armed criminals attack, attempt to rob a car rider, auto driver also becomes victim of robbery, police from two districts engaged in search, atmosphere of terror in the area
अंबिकापुर : अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर अब यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इस मार्ग पर पिस्तौल से लैस लुटेरों का एक गिरोह सक्रिय हो गया है. जो देर रात राहगीरों को अपना निशाना बना रहा है. बीती रात बदमाशों ने एक कार सवार परिवार और एक ऑटो चालक के साथ लूटपाट की कोशिश की. जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
पिस्तौल की नोंक पर लूट की वारदात
मिली जानकारी के मुताबिक कल्याणपुर जंगल के प्रवेश द्वार के पास करीब 12 बदमाशों ने एक कार को रोकने की कोशिश की. इनमें से चार बदमाश पिस्तौल से लैस थे. जो कार सवारों पर हथियार तानकर उन्हें डरा रहे थे. गनीमत रही कि कार चालक धर्मपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल ने सूझबूझ दिखाई और लुटेरों को चकमा देकर वाहन समेत वहां से निकलने में कामयाब रहा.
वहीं, ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव इन बदमाशों के हत्थे चढ़ गया. धर्मेंद्र ने बताया कि रात करीब 12:40 बजे पिस्तौल लहराते हुए बदमाशों ने उसे रोका और तलाशी लेकर उसका मोबाइल फोन लूट लिया. इसके बाद बदमाशों ने अंबिकापुर की तरफ से आ रही एक अन्य कार को भी निशाना बनाने की कोशिश की. लेकिन वह चालक भी तेज रफ्तार में वाहन भगा ले गया.
दो जिलों की पुलिस संयुक्त जांच में जुटी
वारदात की खबर मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. चूंकि यह इलाका सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा (गांधीनगर थाना और लटोरी पुलिस चौकी) पर स्थित है. इसलिए दोनों जिलों की पुलिस टीमें संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश कर रही हैं. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पीड़ितों के बयानों के आधार पर हुलिया तैयार कर रही है.
दोहरा संकट: हाथी और अब हथियारबंद लुटेरे
इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीण और मुसाफिर अब दोहरे खतरे के साये में हैं. पहले से ही इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही के कारण लोग डरे हुए थे. जो दिन-रात कभी भी सड़क पर आ जाते हैं. अब हथियारबंद लुटेरों के सक्रिय होने से लोगों का इस मार्ग पर रात में सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



