छग में होगा मंत्रिमंडल विस्तार!, 14 मंत्री लेंगे शपथ!, राजनीतिक हलचल तेज, छत्तीसगढ़ नागवंशी समाज के गौरव दिवस महासम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री
Cabinet expansion will happen in Chhattisgarh!, 14 ministers will take oath!, political stir intensifies, Chief Minister reached the pride day conference of Chhattisgarh Nagavanshi Samaj
छत्तीसगढ़ में होगा मंत्रिमंडल विस्तार!, 14 मंत्री लेंगे शपथ!
रायपुर : नगरीय निकाय चुनाव के पहले छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि आज राजभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है. वहीं मंत्रियों की तादाद को लेकर भी चर्चा है कि 13 की जगह 14 मंत्री हो सकते हैं. इसको लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में राजनीतिक हलचल तेज है.
मंत्रीमंडल के विस्तार के अटकलों के बीच कुछ नामों की चर्चा जोरों पर हैं. जिनमें गजेंद्र यादव, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, किरणदेव सिंह और सुनील सोनी जैसे नाम शामिल हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI
छत्तीसगढ़ नागवंशी समाज के गौरव दिवस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के विकासखण्ड बगीचा के ग्राम घुघरी में आयोजित छत्तीसगढ़ स्तरीय नागवशी समाज के महासम्मेलन को संबोधित किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के भगवान बिरसा मुंडा, गुण्डाधुर, रानी दुर्गावती, वीर नारायण जैसे वीर सपूतों ने अपनी वीरता से देश को आजादी दिलाने का काम किया है. इतिहास के पन्नों में गुम इन शहीदों के योगदान को सामने लाने के लिए नवा रायपुर में जनजातीय योद्धाओं को समर्पित स्मारक का निर्माण किया जा रहा है. इसमें छत्तीसगढ़ के आदिवासी जन नायकों द्वारा लड़े गए 13 महान संग्रामों का वर्णन भी किया जाएगा.
साय ने इस मौके पर घुघरी में सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख, खड़ा नाला में पुल निर्माण, ढ़ोड़की में व्यपवर्तन योजना के जीर्णाेद्धार एवं बगीचा में एक करोड़ रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण की घोषणा की. घुघरी में उनकी देवभूमि को संरक्षित करने के लिए सामुदायिक वनाधिकार पट्टा प्रदान किया गया.मात्रात्मक त्रुटि के कारण वंचित रह गए 40 बच्चों को मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI
रायपुर : गुरु गोविंद सिंह के वीर साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अमर बलिदान की कहानी अब छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों को पढ़ाई जाएगी. वीर साहिबजादों के वीरता की यह कहानी देश के युवाओं को साहस के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी. मुख्यमंत्री ने वीर बाल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी को संबोधित किया. कहा कि हमें उनकी शिक्षाओं को अपनाना चाहिए और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना चाहिए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीर साहिबजादों के जीवनी पर आधारित एनिमेटेड फिल्म भी देखी.
वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्रेम शंकर सिदार ने कहा कि भारत एक धर्म प्राण देश है. जब देश मे अन्याय बढ़ता है तो यहां के महापुरुष रक्षा के लिए खड़े हो जाते हैं।.बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी दुनिया के सबसे कम उम्र के बलिदानी हैं. वे मृत्यु के सामने भी धर्म पर अडिग रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रहवासियों को मिलेगा मालिकाना हक
रायपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में आज 27 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में ग्रामीण रहवासियों को मालिकाना हक देने के साथ रिकॉर्ड ऑफ राइट्स प्रदान किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी स्वामित्व योजना के तहत पूरे देश में 57 लाख से ज्यादा सम्पत्ति कार्ड का वितरण करेंगे.
इनमें छत्तीसगढ़ के 17 जिलों के 50 हजार से ज्यादा सम्पत्ति मालिकों के भूमि संबंधी रिकार्डस शामिल हैं. स्वामित्व योजना में मालिकाना हक के साथ ही रिकॉर्ड ऑफ राइट्स प्रदान करने के लिए जिलों में समारोह का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन आज दोपहर 12:30 बजे से शुरु होगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय धमतरी में आयोजित समारोह में शामिल होंगे. इसी तरह उपमुख्यमंत्री अरुण साव कोरबा, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्ग, कृषि मंत्री रामविचार नेताम बलरामपुर-रामानुजगंज, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल महासमुंद, वन मंत्री केदार कश्यप राजनांदगांव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, कबीरधाम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बलौदाबाजार- भाटापारा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सरगुजा और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके अलावा 7 अन्य जिलों कोण्डागांव, खैरागढ़- छुईखदान- गंडई, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बालोद, मोहला- मानपुर- अम्बागढ़ चौकी, सक्ती में भी स्वामित्व कार्डों का वितरण होगा.
स्वामित्व योजना का उद्देश्य भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण के जरिए ग्रामीणों को संपत्ति का अधिकार प्रदान करना है. इस योजना में ड्रोन सर्वे और जीआईएस मानचित्रों की मदद से जमीनों के रिकार्डस को सटीक बनाया जाएगा. जमीन संबंधी सर्टिफिकेट मिलने से भूमि संबंधी विवादों मे कमी आएगी. सम्पत्ति की खरीदी बिक्री और हस्तान्तरण आसान हो जाएगा. जमीन मालिकों को बैंक लोन मिलने में आसानी होगी. इसके अलावा सरकारी और सार्वजनिक सम्पत्ति को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी.
स्वामित्व योजना की शुरुआत 24 अप्रैल 2020 को ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में ग्रामीण रहवासियों को मालिकाना हक देने के लिए हुई थी. देश के अब तक 3.17 लाख गांव में ड्रोन सर्वे पूरा किया गया है और 1.49 लाख गांव के लिए 2.19 करोड़ सम्पत्ति कार्ड तैयार किए गए हैं. छत्तीसगढ़ के सभी आबादी गांव में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है और 1384 गांवों में 1.84 लाख सम्पत्ति कार्ड तैयार किए गए हैैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



