अस्पताल में रात दो बजे नशे में धुत युवकों ने डॉक्टर पर किया हमला, मचा हड़कंप, पुलिस ने मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
Drunken youths attacked a doctor at the hospital at 2 a.m., causing a commotion. Police arrested three of the accused.
बिलासपुर : सिम्स अस्पताल में नशे की हालत में हंगामा मचाने, डॉक्टरों से मारपीट करने और अस्पताल में तोड़फोड़ करने वाले तीन युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर की देर रात करीब 1:45 बजे सिम्स अस्पताल के ट्रायेज वार्ड में डॉ. आशी जैन, डॉ. अविनाश कुमार और डॉ. अमन खेतान ड्यूटी पर तैनात थे. उसी दौरान नशे की हालत में अभय सिंह ठाकुर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी वजह डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ के साथ गाली-गलौज करने लगा.
बताया जा रहा है कि आरोपी ने वार्ड में रखे सामानों और चिकित्सा उपकरणों की तोड़फोड़ की. डॉक्टरों को धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की. और वारदात की वीडियो बना रहे डॉक्टर का मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इतना ही नहीं, उसने जान से मारने की धमकी देकर अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन कार्रवाई की. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश की और मुखबिर की खबर पर बंधवापारा (इमलीभाठा) और तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 550/2025 धारा 296, 351(2), 324(2), 3(5), 132 बीएनएस तथा छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा एवं संपत्ति क्षति निवारण) संशोधन अधिनियम 2016 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पतालों में चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और ऐसे उत्पातियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
गिरफ्तार आरोपी
1️⃣ अभय सिंह ठाकुर उम्र 25 साल निवासी बंधवापारा, सरकंडा
2️⃣ आकाश सिंह ठाकुर उर्फ प्रकाश उम्र 28 साल निवासी तिलक नगर
3️⃣ दोनेश्वर सिंह ठाकुर उर्फ रिक्की उम्र 31 साल निवासी तिलक नगर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



