नशे की मस्ती कानून का दायरा पार, सार्वजनिक जगह पर शराब पीते मिले 5 युवक और 2 युवतियां, भटकते युवाओं पर पुलिस ने की सख़्त कार्रवाई
Drunkenness transcends the law; five young men and two young women are found drinking in a public place; police take strict action against the errant youth.
बिलासपुर : तेजी से बदलते सामाजिक माहौल में युवाओं के बीच बढ़ती कुसंगति एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है. देर रात शराब के नशे में मस्ती और हंगामे की प्रवृत्ति न सिर्फ शांति भंग कर रही है. बल्कि युवाओं को जुर्म की राह पर भी धकेल रही है. ऐसा ही एक मामला सरकंडा थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में सामने आया. जहां पार्टी के नाम पर नशे में धुत युवकों और युवतियों ने क्षेत्र में अशांति फैला दी.
मिली जानकारी के मुताबिक 21 दिसंबर 2025 की रात सरकंडा पुलिस को खबर मिली कि पत्रकार कॉलोनी में कुछ युवक-युवतियां शराब के नशे में तेज आवाज में हल्ला-गुल्ला कर रहे हैं. खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
जांच के दौरान एक मकान में 5 युवक और 2 युवतियां शराब सेवन करते हुए पाए गए. ब्रीथ एनालाइजर से जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई. युवकों के पास मौजूद तीन वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल तीन वाहनों को चालान किया गया. साथ ही पांच युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई.
पुलिस ने सभी को सख़्त समझाइश दी और युवकों व युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया. इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि नशे और कुसंगति में डूबती युवा पीढ़ी न सिर्फ अपने भविष्य से खिलवाड़ कर रही है. बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन रही है.
विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि युवाओं को सही दिशा देने में परिवार, समाज और शिक्षण संस्थानों की भूमिका बहुत अहम है. समय रहते समझाइश और मार्गदर्शन न मिला तो यही कुसंगति आगे चलकर गंभीर अपराधों का कारण बन सकती है.
सरकंडा पुलिस की यह सख़्त लेकिन समझाइशी कार्रवाई युवाओं के लिए एक चेतावनी है. नशे की मस्ती पल भर की हो सकती है. लेकिन इसके दुष्परिणाम जीवनभर साथ चलते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



