धमतरी में हाईवोल्टेज ड्रामा, आधी रात बिना नंबर प्लेट बाइक की जांच के दौरान विवाद, पुलिस और युवक का वीडियो वायरल, पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस

High-voltage drama in Dhamtari, dispute during midnight inspection of bike without number plate, video of police and youth goes viral, heated argument between policemen

धमतरी में हाईवोल्टेज ड्रामा, आधी रात बिना नंबर प्लेट बाइक की जांच के दौरान विवाद, पुलिस और युवक का वीडियो वायरल, पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आधी 4-5 जून की दरमियानी रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटियाडीह ब्रिज के पास की बताई जा रही है. जहां फिक्स्ड पेट्रोलिंग प्वाइंट पर पुलिस वाहन जांच की जा रही थी. यह मामला धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र का है.
पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक देर रात पोटियाडीह ब्रिज के पास पुलिस ने एक बाइक को जांच के लिए रोका. बताया जा रहा है कि बाइक का आगे का नंबर प्लेट टूटा हुआ था. पूछताछ के दौरान युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई. जो देखते ही देखते हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गई. युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया. थप्पड़ मारा और बाइक की चाबी छीन ली. युवक का कहना था कि वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ फिल्म देखकर घर लौट रहा था,तभी अभद्रता की गई.
युवक ने बनाया घटना का वीडियो
घटना के दौरान युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में युवक लगातार पुलिसकर्मियों से सवाल-जवाब करता और आरोप लगाता दिखाई दे रहा है. वहीं वीडियो में कुछ समय के लिए पुलिस और युवक के बीच धक्का-मुक्की जैसे हालात भी नजर आते हैं. वीडियो में थाना प्रभारी के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवक पुलिस पर थप्पड़ मारने और गलत व्यवहार करने के आरोप लगाता दिखाई देता है. बताया जा रहा है कि युवक बार-बार एक ही बात दोहराते हुए पुलिसकर्मियों से बहस करता रहा. इस दौरान उसने अपनी पत्नी को भी वीडियो बनाने के लिए कहा और सड़क से गुजर रहे भारी वाहनों को रोककर मदद की गुहार लगाने की कोशिश की.
क्या है घटना को लेकर पुलिस का पक्ष
पुलिस के मुताबिक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों एवं वाहनों की जांच के लिए नियमित रूप से फिक्स्ड पेट्रोलिंग प्वाइंट लगाए जाते हैं. मुजगहन-पोटियाडीह बाईपास क्षेत्र में भी रोजाना रात 12 बजे से चेकिंग अभियान चलाया जाता है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिस बाइक को रोका गया था उसका आगे का नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त था. बाइक सवार से वाहन और पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए. लेकिन उसने दस्तावेज दिखाने के बजाय पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी.
पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
पुलिस के मुताबिक युवक किसी भी तरह की पहचान संबंधी जानकारी फौरन उपलब्ध नहीं करा सका और लगातार वीडियो बनाकर पुलिसकर्मियों को उकसाने का प्रयास करता रहा. पुलिस ने बताया कि युवक ने खुद को आमदी का निवासी बताया, लेकिन किराए पर रहने संबंधी जानकारी थाने में दर्ज नहीं थी. बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधि से संपर्क कर युवक की जानकारी ली गई. सत्यापन के बाद उसे अगले दिन संबंधित दस्तावेजों के साथ थाने में हाजिर होने की हिदायत देकर रवाना किया गया.
सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा
गौरतलब है कि मुजगहन-लोहरसी बाईपास और पोटियाडीह ब्रिज क्षेत्र में पूर्व में लूटपाट और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक हाल के महीनों में इस क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय पेट्रोलिंग और नियमित चेकिंग के कारण अपराधों पर नियंत्रण की स्थिति बनी है. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि युवक ने वीडियो एडिट कर वायरल किया है जबकि पुलिस ने उसी समय के दूसरे वीडियो जारी किया है जिसमे देखा जा सकता है कि पुलिस किस तरह युवक से बात कर रही है. फिलहाल वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई को लेकर जांच जारी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की असल स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t