नकटी में बेदखली कार्रवाई का विरोध, मैनपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, CM का फूंका पुतला, पुलिस और कांग्रेसियों में जोरदार झड़प, इधर माना थाने का घेराव
Protest against eviction drive in Nakti; Congress demonstration in Mainpur; CM's effigy burnt; fierce clash between police and Congress workers; meanwhile, gherao of Mana police station.
मैनपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, CM का फूंका पुतला
गरियाबंद : बरसात के इन दिनों में भाजपा सरकार द्वारा नकटी गांव में ग्रामीणों के मकानों को तोड़े जाने और गरीब परिवार को बेसहारा किये जाने के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर द्वारा गुरूवार शाम तहसील मुख्यालय मैनपुर में जंगी रैली निकाल भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बस स्टैंड पहुंचे और मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया.
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ को पुलिस के बीच भारी झड़प देखने को मिली. पुलिस द्वारा जलते पुतले पर पानी डालकर बुझाया गया और उसे अपने साथ ले गए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी किया.
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा जब से भाजपा की सरकार बनी है. छत्तीसगढ़ के जनता की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है. विधायक आवास के नाम पर गरीबों के आसियाने को बुलडोजर से जमीदोज कर दिया गया और तो और इस भाजपा सरकार को गरीबों के आंसु छोटे-छोटे बच्चों के चीख और पुकार भी नहीं सुनाई दी. और बरबरतापूर्वक मकानों को तोड़ दिया. जबकि बारिश के दिनों में परिंदों के घोसलो को कोई उजाड़ता नहीं. लेकिन यह भाजपा की सरकार गांव गरीब किसान मजदूर आदिवासी विरोधी सरकार है. इस सरकार को गरीबों के आंसू आने वाले चुनाव मे बहा ले जायेगी.
ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री गेंदु यादव ने कहा भाजपा सरकार गरीबो के साथ जो अमानवीय कदम उठाया है. उसे प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी. आज भाजपा के नेता जो गरीबों के हितों की बात करते थे. यादव ने कहा भाजपा सरकार दमनकारी सरकार है. लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर भी यह सरकार डरती है और पुलिस को आगे करती है और आंदोलन को कुचलने का काम करती है.
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेंदु यादव, नेहाल नेताम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष दुलेन्द्र नेगी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पारेश्वर नेगी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष शाहिद मेमन, युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सामंत शर्मा, डोमार साहू, तनवीर राजपूत, पवन जगत, लोकनाथ साहू, देवन दीवान, गजेन्द्र यादव, लिकेश यादव, घनश्याम, जाकिर रजा, लिलेश साहू, इम्तियाज मेमन, तीवकुमार सोनी सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?
माना थाने का घेराव
रायपुर : ग्राम सम्मानपुर-नकटी में प्रभावित गरीब परिवारों के घरों पर हुई कथित अवैध कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण एवं शहर के नेतृत्व में बड़ी तादाद में ग्रामीणों और कांग्रेसियों ने माना थाने का घेराव किया. हजारों की तादाद में मौजूद लोगों ने थाना परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से बैठकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रभावित परिवारों के साथ हुए अन्याय की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए. साथ ही प्रभावित परिवारों को न्याय, मुआवजा एवं पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए.
दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
काफी देर तक चले प्रदर्शन और चर्चा के बाद पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की और आश्वासन दिया कि आवेदन पर आज से आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरु करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया गया. कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अगर दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. प्रभावित परिवारों को इंसाफ दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



