सेवा संकल्प अभियान: गांव में शिविर के आयोजन होने से एक ही स्थान पर समस्याओं का समाधान, राजिम विधायक रोहित साहू ने की विभिन्न विकास कार्यो की घोषणा

'Seva Sankalp Abhiyan': Village camps enable the resolution of issues at a single location; Rajim MLA Rohit Sahu announces various development works.

सेवा संकल्प अभियान: गांव में शिविर के आयोजन होने से एक ही स्थान पर समस्याओं का समाधान, राजिम विधायक रोहित साहू ने की विभिन्न विकास कार्यो की घोषणा

गरियाबंद : प्रदेश भर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के अंतर्गत छुरा विकासखण्ड के ग्राम दुल्ला में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए. शिविर में ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए.
विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी.। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की. इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर योजनाओं से लाभान्वित किया.
शिविर में राजिम MLA रोहित साहू ने सम्बोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे देश में शिविर लगाकर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. साथ ही अंतिम से अंतिम पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं मिल रही हैं.
इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत दुल्ला के सरपंच के अनुरोध पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण, उचित मूल्य की दुकान भवन, स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण एवं गायत्री परिवार दुल्ला के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की. साथ ही भुनेश्वरी कंवर को 10 हजार रूपये आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के लिए आश्वस्त किया.
इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य भंडार निगम के अध्यक्ष चंद्रूलाल साहू ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब, जरूरतमंद और वंचित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से इन योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी आसान हो रही है.
गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि हमें गांव और समाज को विकसित करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा. महिलाओं में पहले की अपेक्षा काफी सशक्तिकरण आया है। बालिकाओं को घर की लक्ष्मी कहा जाता है. इसलिए उनके शिक्षा और विकास पर विशेष ध्यान देना जरुरी है.
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को अच्छी पढ़ाई-लिखाई के लिए प्रेरित करें. बच्चे जब स्कूल से घर लौटें तो उनसे जरूर पूछें कि आज स्कूल में शिक्षक ने क्या पढ़ाया और उन्होंने दिनभर क्या सीखा. इससे बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी और अभिभावकों को भी उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी मिलती रहेगी.
कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि वे खूब मेहनत करें। पढ़ाई के साथ-साथ सहगामी क्रियाओं में भी भाग लेना जरूरी है. बच्चों में खेलकूद की भावना विकसित होनी चाहिए और उन्हें विभिन्न खेल एवं अन्य प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. इसी कड़ी में शिविर के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों को फुटबॉल का वितरण भी किया गया.
उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को अपनी पढ़ाई पर विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि आज का समय स्वर्णिम युग है. जिसमें बच्चों और युवाओं के लिए आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं. विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान देते हुए समय का सदुपयोग करना चाहिए और निरंतर परिश्रम करते रहना चाहिए. उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और समय के सदुपयोग के बल पर वे अपने जीवन में आगे बढ़ सकते हैं तथा अपने माता-पिता और अपने गांव का नाम रोशन कर सकते हैं.
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चन्द्राकर, जनपद अध्यक्ष छुरा श्रीमती मीरा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चन्द्राकर, राजेश साहू ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया. इस अवसर पर डॉ. आशीष शर्मा, लेखराज ध्रुव, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb