पिकनिक जा रहे 2 युवक, 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरे बाइक समेत, पैर फ्रैक्चर, लोको पायलट की इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन

Two young men on a picnic fell 40 feet onto the railway track along with their bike, fracturing their legs. The loco pilot applied emergency brakes to stop the train.

पिकनिक जा रहे 2 युवक, 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरे बाइक समेत, पैर फ्रैक्चर, लोको पायलट की इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन

दुर्ग/भिलाई : तेज रफ्तार और एक पल की चूक जानलेवा बन सकती थी. लेकिन लोको पायलट की सतर्कता ने दो युवकों की जान बचा ली. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिकनिक पर जा रहे दो बाइक सवार करीब 40 फीट ऊंचाई से सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरे.
यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमकसा के पास जम्ही रेलवे अंडरब्रिज की है. हादसे में एक युवक सीधे रेल पटरी पर गिरा. जबकि दूसरा युवक पास की नाली में पानी के बीच जा गिरा. दोनों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है.
इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने युवकों को नीचे गिरा हुआ देखा. हालात की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने फौरन इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी. ट्रेन रुकते ही लोको पायलट मौके पर पहुंचे. जहां दोनों युवक दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगा रहे थे.
घायल युवक कह रहे थे. “प्लीज उठा दो, मेरे दोनों पैर टूट गए हैं… मम्मी को फोन करना है.” इसके बाद लोको पायलट ने 112 पर कॉल कर एंबुलेंस को खबर दी और रेलवे के अन्य कर्मचारियों को भी बुलाया गया.
दरअसल यह हादसा 31 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे हुआ. भिलाई पावर हाउस क्षेत्र के चार युवक दो अलग-अलग बाइक से दल्लीराजहरा पिकनिक मनाने जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार की वजह अंडरब्रिज के मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक नीचे गिर पड़े.
मालगाड़ी के लोको पायलट योगेश देशमुख ने बताया कि पहले उन्हें दूर से पटरी पर कोई जानवर नजर आया. पास आने पर लगा कि कोई व्यक्ति खुदकुशी करने के लिए ट्रैक पर आया है. इसी आशंका में उन्होंने फौरन ट्रेन रोक दी. नीचे उतरकर देखने पर एक बाइक पटरी के पास गिरी मिली और थोड़ी दूरी पर एक युवक नाली में पानी के भीतर पड़ा हुआ था.
काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ऊपर निकाला गया. एंबुलेंस से उन्हें बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया. बाइक को पुलिस ने थाने में सुरक्षित रख लिया है.
दल्लीराजहरा टीआई संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि हादसे के समय सुबह कड़ाके की ठंड थी. लंबी दूरी तय करने की वजह से युवकों के हाथ-पैर सुन्न हो गए होंगे. जिससे वे अंडरब्रिज के मोड़ पर समय रहते बाइक नहीं मोड़ पाए. असल वजह का खुलासा घायलों के बयान के बाद होगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t