जीएसटी डेटा लीक से मचा हड़कंप, रायपुर के दवा कारोबारियों की गोपनीय लिस्ट वायरल, व्यापारियों की साख पर संकट, डिजिटल सुरक्षा पर उठे सवाल

GST data leak sparks uproar, confidential list of Raipur pharmaceutical dealers goes viral, traders' credibility threatened, digital security questioned

जीएसटी डेटा लीक से मचा हड़कंप, रायपुर के दवा कारोबारियों की गोपनीय लिस्ट वायरल, व्यापारियों की साख पर संकट, डिजिटल सुरक्षा पर उठे सवाल

रायपुर : राजधानी रायपुर में दवा कारोबारियों से जुड़ी जीएसटी के लंबित मामलों और डिमांड नोटिस की एक संवेदनशील सूची के सार्वजनिक हो जाने से व्यापारिक वर्ग में खलबली मच गई है. इस लिस्ट में फर्मों के नाम के साथ बकाया राशि का उल्लेख होने से मामला और अधिक गंभीर बन गया है.
GST List Leaked: व्यापारियों की साख पर सीधा असर
मिली जानकारी के मुताबिक यह लिस्ट मूल रूप से एक निजी ग्रुप में साझा की गई थी. ताकि संबंधित व्यापारियों को उनके लंबित जीएसटी मामलों की जानकारी मिल सके. लेकिन किसी वजह से यह लिस्ट बाहर वायरल हो गई. जिससे कारोबारियों में चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं. कई व्यापारियों का मानना है कि इस तरह की गोपनीय जानकारी का सार्वजनिक होना उनकी साख पर सीधा असर डालता है और बिना पूरी प्रक्रिया के उन्हें दोषी के रुप में पेश कर देता है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की जानकारी सामने आने से उन पर अप्रत्यक्ष रुप से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. उनका कहना है कि पेंडिंग मामलों से जुड़ी खबर व्यक्तिगत रूप से संबंधित फर्मों तक ही सीमित रहनी चाहिए थी.
गलती से बिना संपादन हो गई पोस्ट
रायपुर मेडिकल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष संजय रावत ने स्पष्ट किया कि यह लिस्ट संगठन के आंतरिक ग्रुप में सिर्फ जागरुकता के मकसद से डाली गई थी. उन्होंने माना कि लिस्ट में बकाया राशि जैसी संवेदनशील जानकारी हटाई जानी थी. लेकिन गलतीवश बिना संपादन के ही पोस्ट हो गई. उन्होंने यह भी बताया कि कई बार जीएसटी नोटिस सीधे ई-मेल के जरिए भेजे जाते हैं और अक्सर वकीलों तक सीमित रह जाते हैं. जिससे व्यापारियों को समय पर जानकारी नहीं मिल पाती है.
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि यह लिस्ट किसी सरकारी विभाग द्वारा लीक नहीं की गई है. उनके मुताबिक यह जानकारी आंतरिक उपयोग के लिए साझा की गई थी. लेकिन इसके वायरल होने की वजह की जांच की जा रही है.
चैंबर ने व्यापारियों से की अपील
इस घटना के बाद व्यापारियों में यह चिंता गहरा गई है कि ऐसी संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक होने से न सिर्फ उनकी छवि प्रभावित होती है. बल्कि कानूनी और आर्थिक दबाव भी बढ़ सकता है. चैंबर ने व्यापारियों से अपील किया है कि वे अपने लंबित जीएसटी मामलों को गंभीरता से लें और समय रहते आवश्यक कार्रवाई पूरी करें. ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
इस पूरे घटनाक्रम ने दवा व्यापार से जुड़े लोगों के बीच सतर्कता बढ़ा दी है. साथ ही यह भी महसूस किया जा रहा है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा की जाने वाली संवेदनशील जानकारी को ज्यादा सावधानी और सुरक्षा के साथ संभालने की जरुरत है, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB