रायपुर रेल्वे स्टेशन से गायब हुई बच्ची को चुराने वाली किडनैपर महिला गिरफ्तार, मासूम को जीआरपी ने किया बरामद, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
The female kidnapper who stole the missing girl from Raipur railway station has been arrested. The child was recovered by the GRP, CCTV footage revealed the incident.
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीआरपी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने अपहरण की एक बड़ी वारदात को अंजाम तक पहुंचने से बचा लिया. शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) रायपुर ने 5 साल की अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर एक महिला आरोपिया ज्योति देवी को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 17 नवंबर 2025 को बच्ची को स्टेशन परिसर से बहला-फुसलाकर ले जाया गया था. घटना के दस दिनों बाद जीआरपी ने इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया.
प्रार्थिया काजल कुशवाहा उम्र 29 साल निवासी पोटियाकला थाना पदमनाभपुर जिला दुर्ग, हाल पता कर्मा चौक रामनगर रायपुर, अपने दो बच्चों लक्की और खनक को अपने परिचित रामजी उम्र 70 साल के पास स्टेशन के नए फुट ओवरब्रिज के पास छोड़कर पति के साथ मिलन होटल गई थीं. जब वे कुछ देर बाद वापस लौटीं. तो उनकी 5 सक की बेटी खनक वहां नहीं मिली. रामजी ने बताया कि एक अज्ञात महिला बच्ची को ‘बिस्किट खिलाकर आती हूं’ कहकर अपने साथ ले गई थी और लौटकर नहीं आई.
घटना की खबर मिलते ही जीआरपी रायपुर ने अपराध क्रमांक 138/2025 धारा 137(2), 142 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी. पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल, जीआरपी और आसपास के जिलों के सभी थानों को अलर्ट जारी किया. रेलवे स्टेशन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया और नागपुर स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए.
जांच के दौरान रायपुर और दुर्ग स्टेशन के सीसीटीवी में एक महिला बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दी. इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिला की तलाश तेज कर दी. इस बीच मुखबिर से खबर मिली कि एक संदिग्ध महिला 4–5 साल की बच्ची के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 4–5 रायपुर रेलवे स्टेशन में घूम रही है.
जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी और टीम ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग की. इसी दौरान संदिग्ध महिला ज्योति देवी उम्र 40 साल निवासी नगला बीच थाना चंदपा जिला हाथरस (उ.प्र.), बच्ची के साथ घूमती हुई पाई गई. पूछताछ के लिए दोनों को थाना लाया गया.
कड़ी पूछताछ में महिला ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने 17 नवंबर को बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी और वह उसे लेकर मथुरा से रायपुर आई. जहां से आगे पुरी जाने की योजना थी.
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला बच्ची को लगातार अपने साथ घुमाती रही. अगर समय रहते उसे पकड़ा नहीं जाता. तो बच्ची को किसी और शहर ले जाया जा सकता था. बच्ची की पहचान उसके परिजनों द्वारा कर ली गई है और जीआरपी रायपुर ने नियमानुसार सुपुर्दनामा देकर बच्ची को परिजनों के हवाले कर दिया है. आरोपिया ज्योति देवी को 27 नवंबर की दोपहर 12 बजे गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि महिला का किसी मानव तस्करी गिरोह से संबंध है या यह घटना अकेले की गई वारदात है. जीआरपी की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की गहरी पड़ताल और टीम के सामूहिक प्रयास से बच्ची सुरक्षित वापस लौट आई. जिससे शहर में राहत की भावना है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



