मालवाहक वाहनों में बारात ले जाना पड़ रहा महंगा, पेड़ से टकराई बारातियों से भरी पिकअप, एक की मौत, दो गंभीर, मातम में बदलीं शादी की खुशियां
Transporting wedding processions in cargo vehicles is proving costly; a pickup full of wedding guests collides with a tree, leaving one dead and two seriously injured, turning wedding celebrations into mourning.
बलरामपुर : बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बारात लेकर जा रहा एक मालवाहक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पेड़ से टकराया पिकअप, मचा हड़कंप
मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के इंजानी गांव से उत्तर प्रदेश के म्योरपुर जा रही बारात का पिकअप वाहन वाड्रफनगर क्षेत्र के अजगरा नाले के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
एक की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे के समय पिकअप में कुल 7 लोग सवार थे. टक्कर के बाद एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने फौरन राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को खबर दी. पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और हालात को कंट्रोल किया गया. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है. जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया. पूरे इलाके में घटना को लेकर दुख का माहौल है.
मालवाहक वाहनों में बारात ले जाना बना खतरा
गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर बारात ले जाने के लिए मालवाहक वाहनों का उपयोग किया जाता है. जो न सिर्फ नियमों के खिलाफ है बल्कि बेहद खतरनाक भी साबित हो रहा है. शादी के सीजन में इस तरह के हादसे अक्सर सामने आते हैं. प्रशासन द्वारा समय-समय पर सुरक्षित यात्री वाहनों के उपयोग की अपील की जाती रही है. लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आता. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



