नहर में डूबे मंत्रालय में कार्यरत दो कर्मचारी, मौके पर SDRF टीम की खोजबीन जारी, लगी लोगों की भीड़, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू

Two employees working in the ministry drowned in the canal, search operation by SDRF team continues on the spot, crowd gathered, tears of family members are not stopping

नहर में डूबे मंत्रालय में कार्यरत दो कर्मचारी,  मौके पर SDRF टीम की खोजबीन जारी, लगी लोगों की भीड़, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू

दुर्ग : बीते 6 दिनों के भीतर नहर में डूबने की घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं. दुर्ग जिले के सेलूद क्षेत्र से गुजरने वाली तांदुला नहर में दो युवकों के डूबने की खबर मिली है. दोनों युवक की तलाश में SDRF की टीम सुबह से नहर में उतरी है. खबर लिखे जाने तक एक भी बॉडी रिकवर नहीं की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक नंदकिशोर और प्रहलाद यादव धमतरी में स्थित एक देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने तांडूला नहर के पास गाड़ी रोककर कुछ समय विश्राम करने का फैसला लिया. तभी नंदकिशोर नहर में नहाने के लिए उतरा और पैर फिसलने की वजह से तेज बहाव में बह गया. उसे बचाने के लिए प्रहलाद भी नहर में कूद पड़ा. लेकिन वह भी बहाव में बह गया.
इस हादसे  की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और खोजबीन शुरु की गई. बीते रात तक एसडीआरएफ की टीम ने डूबे युवकों की तलाश किया. लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी.
SDRF प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें 13 अप्रैल की शाम खबर मिली कि उतई थाना अंतर्गत सेलूद के पास शाम 4 बजे नहर में दो युवक डूब गए हैं. रात हो जाने से SDRF की टीम पानी में नहीं उतरी. सुबह तड़के ही टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू का काम शुरु किया.
डूबने वाले युवकों की पहचान मंत्रालय रायपुर में पदस्थ प्रहलाद यादव उम्र 40 साल निवासी धनौरा दुर्ग के रुप में हुई है. उसके बड़े भाई ने बताया कि उसकी कुछ साल पहले ही शादी हुई थी और एक बेटी है. वहीं दूसरा युवक सुभाष नगर बोरसी निवासी  नंद किशोर धुरवे उम्र 38 साल वो भी मंत्रालय रायपुर में पदस्थ था.
SDRF की टीम नहर में रेस्क्यू कर रही है. सुबह से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक दोनो में से किसी का भी शव नहीं मिल पाया है. मौके पर उतई पुलिस भी मौजूद है. जो नहर और आसपास लगी लोगों की भीड़ को हटाने का काम कर रही है.
बीते 22 घंटे से लगातार खोजबीन जारी है. उन्होंने कहा कि नहर की गहराई करीब 15 फीट है और तेज बहाव होने की वजह से खोजने में मुश्किलें आ रही हैं. फिर भी पूरी टीम लगी हुई है और जल्द ही दोनों युवकों को खोज निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
परिवार वालों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे हैं और घटना स्थल पर गमगीन माहौल है. नहर किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन जुटे हुए हैं. जो हर पल किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं.
इस दुखद घटना ने जिले में नहर में डूबने की बढ़ती घटनाओं की तरफ एक बार फिर ध्यान खींचा है. प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरुरत है. ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों. नहरों के आसपास चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था मजबूत करना समय की मांग है. फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है और परिजनों की आंखें बेसब्री से किसी चमत्कार की उम्मीद में लगी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB