NH-130B की DPR जारी होते ही भटगांव में छाई मायूसी, बाईपास की मांग फिर हुई तेज, खतरे में पड़ जाएगी सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी

With the release of the NH-130B DPR, Bhatgaon is filled with despair. Demand for a bypass has once again intensified, threatening the livelihoods of hundreds of families.

NH-130B की DPR जारी होते ही भटगांव में छाई मायूसी, बाईपास की मांग फिर हुई तेज, खतरे में पड़ जाएगी सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी

भटगांव : नेशनल हाईवे 130B की डीपीआर जारी होते ही नगर पंचायत भटगांव के आम नागरिकों और व्यापारियों में गहरी निराशा फैल गई है. लंबे समय से भटगांव और सरसींवा के लिए बाईपास रोड की मांग की जा रही थी. लेकिन जारी डीपीआर में नगर से होकर ही हाईवे ले जाने का प्रस्ताव की खबर सामने आने से लोगों में व्यापक असंतोष है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाईवे की सीधी आवाजाही नगर के मुख्य बाजार एवं आबादी वाले हिस्से से होने पर व्यापार पर भारी असर पड़ेगा। कई लोगों के घर एवं दुकानें अधिग्रहण की जद में आ जाएंगी. जिससे जीवन-यापन पर संकट उत्पन्न हो जाएगा. व्यापारियों ने आशंका जताई है कि हाईवे निर्माण के बाद स्थानीय बाजार तकरीबन खत्म ही हो जाएगा. और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी खतरे में पड़ जाएगी
नागरिकों ने बताया कि वे क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े से भी मिल चुके हैं और भटगांव-सरसींवा के लिए बाईपास का स्पष्ट प्रस्ताव पेश कर चुके हैं. लेकिन इसके बावजूद डीपीआर में बाईपास का प्रावधान शामिल न होना गंभीर चिंता का विषय है.
लोगों ने यह भी उल्लेख किया कि भटगांव पुराना और ऐतिहासिक नगरीय क्षेत्र रहा है. जो पूर्व रायपुर जिले के समय से नगर पालिका के रुप में अस्तित्व में था. समय के साथ आसपास के ज्यादातर नगरीय निकाय नगर पालिका बन गए. लेकिन भटगांव अब भी नगर पंचायत ही है. जिससे यहां की जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों और जरूरतों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिल पा रही है.
नागरिकों और व्यापारियों ने शासन-प्रशासन से फिर से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भटगांव नगर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को सुरक्षित रखते हुए हाईवे का मार्ग परिवर्तित कर बाईपास निर्माण किया जाए. उनका कहना है कि यह निर्णय न सिर्फ नगर के आर्थिक जीवन को सुरक्षित करेगा. बल्कि भविष्य की ट्रैफिक समस्याओं से भी क्षेत्र को बचाएगा. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो बाईपास की मांग को लेकर व्यापक आंदोलन की तैयारी की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t