डॉक्टर ने Whatsapp पर एक्स-रे दिखाकर लिया ज्ञान, 9 वर्षीय बच्चे का प्लास्टर करने में कर दी लापरवाही, मासूम सूजन और दर्द से बेहाल
Doctor shows X-ray via WhatsApp, neglects plaster cast on 9-year-old child, leaves child in pain and swelling
दुर्ग/उतई : दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र में बीते 26 दिसंबर को हादसे में हाथ फ्रैक्चर हुए नौ साल के बच्चे के इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई. आस्था अस्पताल उतई के बीएमएस डॉक्टर ने एक्स रे फिल्म को फोन पर दूसरे डॉक्टर को भेजा. राय ली और उसी हिसाब से बच्चे की हाथ में प्लास्टर लगा दिया. बीते एक दिन पहले प्लास्टर खोला गया तो फ्रैक्चर जस का तस था. वहीं बच्चा दर्द से परेशान है.
मिली जानकारी के मुताबिक उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतोरा निवासी सलोक बंजारे पिता राजेश कुमार बंजारे का हादसे की वजह से दाए हाथ में फ्रैक्चर आ गया था. परिजन उसे लेकर आस्था अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे. परिजनों के मुताबिक वहां डॉक्टर पवन तिवारी (बीएएमएस/एमडी, डीफार्मा) ने पहले तो बच्चे का एक्स रे कराया.
इसके बाद एक्स रे को उन्होंने अस्पताल में ही ओपीडी में आने वाले एक अन्य डा. सौरभ चंद्राकर को व्हाट्सअप पर भेजकर उससे राय ली. संबंधित डाक्टर द्वारा दिए गए सुझाव के आधार पर ही डा. पवन तिवारी ने खुद ही बच्चे के हाथों में प्लास्टर कर दिया. स्वजनों की मानें तो प्लास्टर लगने के कई दिनों बाद भी बच्चे के हाथ में दर्द, सूजन और कमजोरी बनी हुई थी. इससे हड्डी सही तरीके से न जुड़ने की आशंका बन गई थी.
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को बच्चों को लेकर वे आस्था अस्पताल उतई पहुंचे. प्लास्टर खोलने के बाद भी बच्चे के हाथ में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है. एक नजर में ही हाथ की हड्डी तिरछी नजर आ रही है. इसे लेकर परिजन अब परेशान हैं. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच और बच्चे को योग्य आर्थोपेडिक डॉक्टर से फौरन इलाज दिलाने की मांग की है.
चाचा ओमप्रकाश बंजारे ने कहा कि बच्चे का इलाज गलत हुआ है. करीब एक महीने से वह दर्द में है. स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच करे और उचित इलाज दिलाए.
उतई आस्था अस्पताल डायरेक्टर डा. पवन तिवारी ने कहा कि मैंने विशेषज्ञ डॉक्टर को मोबाइल पर एक्स-रे भेजा और उनकी राय पर प्लास्टर किया. संभव है कुछ चूक हो गई हो.
दुर्ग मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने कहा कि इस बारे में किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है. मामला संज्ञान में आएगा तो जांच कराई जाएगी. गड़बड़ी पर कार्रवाई भी की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



