रायपुर में अलग रह रही पत्नी पर हंसिए से हमला, दुधमुंहे बच्चे को भी आई चोंट, CCTV VIDEO आया सामने, आरोपी पति फरार
In Raipur, the wife living separately was attacked with a knife, the infant child was also injured, CCTV video surfaced, the accused husband is absconding
रायपुर : राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर उसके पति द्वारा दिनदहाड़े हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. जिसमें साफ दिख रहा है कि आरोपी पति अचानक अपने पास से हंसिया निकालता है और पत्नी पर हमला कर देता है.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना की शिकार महिला चेतनी परमार ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि वह झाड़ू-पोछा का काम करती है और बीते तीन साल से अपने पति युगांधर परमार से अलग होकर राजातालाब क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही है.
पति-पत्नी के बीच पुराना विवाद चल रहा था. 21 जून को चेतनी परमार माता गैरेज के पीछे स्थित अग्रवाल सायकल शोरुम में काम कर रही थी. काम खत्म कर जब वह बाहर निकली तो वहां उसका पति युगांधर परमार पहले से मौजूद था. और उसे मंदिर हसौद चलने के लिए कहने लगा.
महिला के मना करने पर आरोपी गुस्से में आ गया. उसने अश्लील गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद अपने पास रखे हंसिया से उसकी पीठ और पैर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आस-पास कई लोग भी मौजूद थे. उनके द्वारा बीच बचाव किया गया.
घटना के फौरन बाद पीड़िता को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. दुधमुंहे बच्चे को भी चोट आई है. वहीं पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. और आरोपी की तलाश शुरु कर दी गई है.
यह घटना न सिर्फ घरेलू हिंसा और महिलाओं पर बढ़ते हमलों को उजागर करती है. बल्कि यह भी दिखाती है कि सार्वजनिक स्थानों पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



