खेत में लगाए गए करंट की चपेट में आए मां-बेटे, गंभीर रुप से घायल मासूम की हुई मौत, मां की हालत नाजुक, बच्चे की मौत से मचा कोहराम
Mother and son came in contact with the electric current installed in the field, the seriously injured child died, the mother is in critical condition, there was chaos due to the death of the child
बिलासपुर /पचपेड़ी : जीवन यापन के लिए निकले मां-बेटे के लिए मंगलवार की सुबह काल बनकर आई. पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कोकड़ी में एक दर्दनाक हादसे में 10 साल के मासूम पंकज कुमार जगत की खेत में अवैध तरीके से लगाए गए झटका तार की चपेट में आने से मौत हो गई. वहीं उसे बचाने की कोशिश में मां अनीता जगत गंभीर रुप से घायल हो गई. घटना की जानकारी जैसे ही गांव में फैली, मातम छा गया.
सुबह करीब 6 बजे अनीता अपने बेटे पंकज के साथ गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मटासी खार तेंदूपत्ता तोड़ने जा रही थी. रास्ते में मोहन प्यारे लाल यादव के खेत से गुजरते वक्त पंकज का हाथ खेत के किनारे बिछे झटका तार से टकरा गया. जिसमें बैटरी से संचालित करंट प्रवाहित हो रहा था. मासूम बालक करंट की चपेट में आकर बुरी तरह तड़पने लगा. यह देख मां अनीता ने फौरन अपने बेटे को बचाने का प्रयास किया. लेकिन खुद भी करंट की चपेट में आ गई.
दोनों को तड़पता देख राह से गुजर रहे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तार से अलग किया और नाजुक हालत में मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. लेकिन तब तक पंकज दम तोड़ चुका था. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जबकि अनीता का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है.
पुनाराम जगत खेती मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते हैं उनके आंगन में चीत्कार गूंजने लगी. गांव वाले दाहसंस्कार की तैयारी में जुटे ही थे कि पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझाइश देकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और खेत में लगे झटका तार की जांच शुरु कर दी है.
यह घटना न सिर्फ एक मासूम की दर्दनाक मौत की कहानी है. बल्कि यह चेतावनी भी है कि किस तरह मवेशियों से फसल बचाने के लिए खेतों में अवैध करंटयुक्त तार लगाना किसी की जान के लिए खतरा बन सकता है.
गांववासियों ने इस अमानवीय और गैरकानूनी कृत्य पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. यह हादसा हर उस ग्रामीण को सतर्क करता है जो अपनी फसलों की रक्षा के लिए जानलेवा उपाय अपनाते हैं.
फसल की रखवाली जरुरी है. लेकिन इंसानी जान की कीमत पर नहीं। पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. एक मासूम की बलि ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



