अस्पताल के टॉयलेट में मिला नवजात का शव, मचा हड़कंप, स्टाफ से पूछताछ, खंगाले जा रहे CCTV, हॉस्पिटल प्रबंधन- बाहर से लाकर फेंका गया
Newborn's body found in hospital toilet, sparks uproar, staff questioned, CCTV scans underway, hospital management claims it was brought in from outside and dumped.
बालोद/दल्लीराजहरा : बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र स्थित शहीद हॉस्पिटल के टॉयलेट में एक नवजात का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्पिटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. खबर मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरु कर दी. पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ताकि मौत की वजह का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नवजात शव को हॉस्पिटल के टॉयलेट तक कैसे पहुंचाया गया और इस मामले में कौन-कौन जिम्मेदार हो सकता है.
इस घटना के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस ने कहा कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. ताकि घटना के समय टॉयलेट में कौन मौजूद था और नवजात कैसे वहां पहुंचा. इसका पता लगाया जा सके. साथ ही हॉस्पिटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है.
दल्लीराजहरा पुलिस ने बताया कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो पाएगी. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है.
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और कहा कि हॉस्पिटल परिसर में सुरक्षा और निगरानी का अभाव इस तरह की घटना के लिए जिम्मेदार हो सकता है. लोग चाहते हैं कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं. अस्पताल प्रशासन ने भी कहा है कि पुलिस जांच में पूरी तरह मदद किया जा रहा है और मामले की सत्यता सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मामले की आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें.
यह घटना बालोद जिले में नवजात सुरक्षा और हॉस्पिटल निगरानी की अहमियत को उजागर करती है. पुलिस ने कहा कि नवजात सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य की दृष्टि से इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



