कांवड़ियों के वेश में पुलिस ने मारा छापा, सांसद प्रतिनिधि समेत 15 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार, वाहन सहित 15 लाख का सामान जब्त
Police raided in the guise of Kanwariyas, 15 gamblers including MP representative arrested red handed, goods worth 15 lakhs including vehicle seized
बेनीपुरा : पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कांवड़ियों का वेश धरकर एक हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापा मारा. खेत के बीच बने एक मकान में चल रहे इस जुए के फड़ से पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और एक सांसद प्रतिनिधि सहित 15 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. इस ऑपरेशन में 1 लाख 77 हजार रुपये से ज्यादा की नकद और लाखों के वाहन जब्त किए गए हैं. इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक़ धनगांव थाना क्षेत्र के बेनीपुरा गांव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी. जुआरियों को भनक लगे बिना कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने एक अनोखी योजना बनाई. टीम के सदस्य कांवड़ियों की वेशभूषा में “बोल बम” के जयकारे लगाते हुए जुए के अड्डे तक पहुंचे. जैसे ही वे खेत में बने मकान के पास पहुंचे. उन्होंने अचानक धावा बोल दिया. जिससे अंदर जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया और उन्हें भागने का कोई मौका नहीं मिला.
पकड़े गए आरोपियों में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि राहुल यादव का नाम भी शामिल है. बताया जा रहा है कि खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने इसी साल राहुल को एक आईटीआई कॉलेज में सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया था.
इस मामले में सांसद कार्यालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल यादव को सांसद प्रतिनिधि के रुप में नामित नहीं किया गया है, और वर्तमान में खंडवा संसदीय क्षेत्र में कोई भी सांसद प्रतिनिधि नहीं है. इस बीच राहुल की नियुक्ति का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिससे मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है.
पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से 1,77,200 रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा करीब 1 लाख रुपये कीमत के 14 मोबाइल फोन, 10 मोटरसाइकिलें और 2 कारें भी जब्त की गई हैं. जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है.
इलाके में बड़े पैमाने पर चल रहे जुए के अड्डे की जानकारी न होने और इसे रोकने में विफलता के चलते इस कार्रवाई की गाज धनगांव थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश ओहरिया पर गिरी है. पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है और उनकी जगह निरीक्षक गंगा प्रसाद वर्मा को थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी है.
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
अनिल पिता गोपाल जायसवाल (47) - पुनासा
नकुल पिता भागीरथ नायक (25) - संजय नगर, खंडवा
बाचु उर्फ संतोष पिता भागीरथ पंवार (41) - फिफराड
आर्यन पिता अशोक लाड (20) - मुंदी
सचिन पिता ओमप्रकाश शिंदे (38) - गणेश नगर, ओंकारेश्वर
अजयसिंह पिता छेंदीसिंह (65) - ब्रम्हपुरी, ओंकारेश्वर
कमलेश पिता आशाराम अवचरे (27) - डुडगांव
छितर पिता आनंदराम (52) - प्रज्ञा नगर, ओंकारेश्वर
महेश पिता शिवराम झराने (21) - अटुटखास
टीकम पिता जग्गु डीमर (25) - पुराना पुल, ओंकारेश्वर
अर्जुन पिता भागीरथ (38) - फिफराड
राहुल उर्फ रवि पिता कैलाशचन्द (31) - पुनासा, सांसद प्रतिनिधि
सतिष पिता मांगीलाल सोलंकी (53) - पुनासा
राम पिता प्रेमकुमार अजमेरा (53) - ठेकेदार और कांग्रेस नेता
महेश पिता रमेश राठौर (31) - दौलतपुरा
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



