गरियाबंद में यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर एकता का संदेश, सांसद रुपकुमारी चौधरी दिखाई हरी झंडी

Unity March organized in Gariaband, message of unity on the 150th birth anniversary of Sardar Vallabhbhai Patel, MP Rupkumari Chaudhary shows the green flag

गरियाबंद में यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर एकता का संदेश, सांसद रुपकुमारी चौधरी दिखाई हरी झंडी

गरियाबंद : लौह पुरुष और राष्ट्र एकता के सूत्रधार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन, माय भारत तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में ‘यूनिटी मार्च पदयात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया. पदयात्रा का शुभारंभ महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रुपकुमारी चौधरी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर और पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया। यह पदयात्रा ग्राम पंचायत नागाबुड़ा स्कूल चौक से नहरगांव, कोकड़ी होते हुए गांधी मैदान गरियाबंद में संपन्न हुई.
इस दौरान अतिथियों ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया. करीब 8 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा सद्भाव, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनी. यात्रा में बड़ी तादाद में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट, रेड क्रॉस, एनएसएस, महाविद्यालय और विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए. यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने फूल वर्षा और तिलक लगाकर स्वागत किया. गांधी मैदान में समापन अवसर पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. साथ ही स्वच्छता, नशामुक्ति, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प का संदेश दिया गया.
जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि सांसद रुपकुमारी चौधरी ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि लौह पुरुष सरदार पटेल के प्रयासों से अखंड भारत की नींव पड़ी। ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ उनकी अटूट एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में आज यूनिटी मार्च आयोजित किया जा रहा है, जो एकता, स्वावलंबन और स्वास्थ्य का संदेश देता है। युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाए. आज के अखंड भारत में लौह पुरुष सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है सभी स्वस्थ रहेंगे, तभी हम आगे बढ़ पाएंगे.
राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि सरदार पटेल देश के पहले गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री थे. जिन्होंने 562 रियासतों को एक सूत्र में जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया. यूनिटी मार्च का उद्देश्य विद्यार्थियों और नागरिकों में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। देशभक्ति की शुरुआत अपने घर और अपने कार्य से होती है. उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी.
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय और पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरु निषाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए. समारोह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों और साहित्यकार मुन्नालाल देवदास को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके द्वारा प्रकाशित ‘कौशिल्या के गोद’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया.
इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू, खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरु निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक अनिल चन्द्राकर, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जनपद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, सरपंच केवरा बाई, कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, डीएफओ शशिगानंदन के, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी बड़ी तादाद में मौजूद थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t