धान के पैसों को लेकर युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, स्कॉर्पियो से ले गए झारखंड, छत्तीसगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर छुड़ाया सकुशल, 3 आराेपी गिरफ्तार

A young man was kidnapped in a filmy style for paddy money, taken to Jharkhand in a Scorpio, and rescued safely within 24 hours by Chhattisgarh police, with three accused arrested.

धान के पैसों को लेकर युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, स्कॉर्पियो से ले गए झारखंड, छत्तीसगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर छुड़ाया सकुशल, 3 आराेपी गिरफ्तार

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धान खरीदी-बिक्री के पैसों के विवाद को लेकर युवक के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को झारखंड से सकुशल बरामद कर लिया. वहीं मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल किए गए दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं. यह पूरा मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मुड़ागांव निवासी शिव कुमार बंजारा पिता स्व भगतराम बंजारा उम्र 55 साल ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा रविनारायण बंजारा उम्र 26 साल और झारखंड निवासी पवन साहू मिलकर धान खरीदी-बिक्री का काम करते थे. शिव कुमार ने बताया कि उसके बेटे के मुताबिक पवन साहू को करीब 1.50 लाख रुपये देना बाकी था. जबकि पवन साहू 12 लाख रुपये बकाया होने की बात कह रहा था.
रिपोर्ट में बताया गया कि 10 मई की दोपहर करीब 3:30 बजे पवन साहू अपने साथियों नरेंद्र साहू और विष्णु साहू के साथ स्कॉर्पियो नम्बर CG 14 MU 1197 और दूसरी स्कॉर्पियो नम्बर JH 01 DY 6413 में शिव कुमार के घर पहुंचा. इस दौरान तीनों ने रविनारायण बंजारा से पैसों की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया. वहीं बीच-बचाव करने पहुंची रविनारायण की मां के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की.
घटना की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने पवन साहू, नरेंद्र साहू और विष्णु साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(2) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया. इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम झारखंड रवाना की गई.
रायगढ़ पुलिस की टीम ने झारखंड के रांची में दबिश देकर अपहृत युवक रविनारायण बंजारा को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में पंजीबद्ध  धारा 140(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा दिया. मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को भी जब्त कर लिया है.
आरोपी
गिरफ्तार आरोपी-
1- पवन साहू पिता बलीराम 30 साल निवासी बोकोंदा थाना लापुंग जिला रांची, झारखंड
2- विष्णु साहू पिता बलीराम 22 साल निवासी बोकोंदा थाना लापुंग जिला रांची, झारखंड
3- नरेंद्र साहू पिता रमेश साहू उम्र 27 साल निवासी डिम्बा थाना लापुंग जिला रांची, झारखंड
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t