सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, किसान हित में काम पर लौटे कर्मचारी, अशोक बजाज की मध्यस्थता से आंदोलन स्थगित

Cooperative society employees' strike ends, workers return to work in the interest of farmers; agitation suspended due to mediation by Ashok Bajaj

सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, किसान हित में काम पर लौटे कर्मचारी, अशोक बजाज की मध्यस्थता से आंदोलन स्थगित

गरियाबंद/रायपुर : छत्तीसगढ़ में सहकारी समिति कर्मचारी संघ और समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की 19 दिन से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म हो गई है. भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री एवं अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज की पहल और मध्यस्थता से शुक्रवार देर रात कर्मचारी संगठनों और शासन के बीच सहमति बन गई. दोनों पक्ष मांगों पर बातचीत के बाद तैयार हो गए और देर रात आंदोलन स्थगित करने की औपचारिक घोषणा की गई.
हड़ताल खत्म होने के साथ ही सभी कर्मचारी नियमित कामकाज में लौट आए हैं. इससे धान खरीदी, उचित मूल्य दुकान संचालन और सहकारी समितियों की गतिविधियों में फिर से सुचारु व्यवस्था बहाल हो सकेगी.
संयुक्त मोर्चा — छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने बताया कि उनकी 4 सूत्रीय मांगों पर शासन द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिया गया है. किसान हित, लोकहित और सोसायटी हित को सर्वोपरि रखते हुए आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया गया है.
कर्मचारी संगठनों ने शासन को भेजे पत्र में कहा है कि हड़ताल अवधि में लगाए गए एस्मा, निलंबन, बर्खास्तगी, कंप्यूटर ऑपरेटरों के तबादले और उचित मूल्य की दुकानों के खिलाफ जारी निलंबन आदेशों को तत्काल प्रभाव से शून्य किया जाए.
सूत्रों के मुताबिक अशोक बजाज ने दोनों पक्षों को एक मंच पर लाकर संवाद स्थापित कराया. लगातार बैठकों और बातचीत के बाद 19 दिन से जमे गतिरोध को तोड़ते हुए अंतिम सहमति बनी और रात तक फैसले की घोषणा कर दी गई.
हड़ताल खत्म होने के साथ ही धान खरीदी केंद्रों में कार्य सुचारु होने की उम्मीद है. जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी.
छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ से प्रदेश महासचिव ईश्वर श्रीवास, धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ से प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे, प्रदेश उपाध्यक्ष मीनाक्षी यादव,प्रदेश संयोजक विद्या शंकर यादव, प्रदेश सचिव मोहन डहरिया, प्रदेश संरक्षक संतोष साहू, नरेश साहू, सना अली, प्रमिला मानिकपुरी, बलराम कौशिक मौजूद थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t