बलात्कार के आरोप में भगोड़े कारोबारी ललित मोदी का भाई समीर IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार, अचानक पहुंच गई दिल्ली पुलिस, पूछताछ जारी
Fugitive businessman Lalit Modi's brother Sameer was arrested from IGI Airport on rape charges; Delhi Police arrived unexpectedly and interrogation continues.
नई दिल्ली : भगोड़े ललित मोदी के भाई समीर मोदी को बलात्कार के आरोप में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. समीर मोदी को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल ऐयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है.
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी के भाई समीर मोदी पर 2019 का एक दुष्कर्म का मामला था. जिसे लेकर एफआईआर दर्ज की गई है. समीर मोदी लंदन से आए थे और आईजीआई एयरपोर्ट पर ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
समीर मोदी पर 2019 में उनके ही दफ्तर में काम करने वाली एक महिला ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में केस दर्ज कराया था. इस केस में वह फरार चल रहे थे.
समीर मोदी के खिलाफ एलओसी भी खोल दी गई थी. समीर मोदी जैसे ही गुरुवार सुबह विदेश से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे उनकी घात में बैठी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया. समीर मोदी का न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में घर और ऑफिस है. पुलिस ने उन्हें साकेत कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने आरोपी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी समीर मोदी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है.
समीर मोदी एंटरप्राइजेज के कार्यकारी निदेशक समीर मोदी लंबे समय से मोदी व्यापार साम्राज्य के भीतर चल रहे पारिवारिक और कॉर्पोरेट झगड़े, और उनके पिता व उद्योगपति के.के. मोदी की ओर से छोड़ी गई 11,000 करोड़ रुपये की विरासत के केंद्र में रहे हैं. वह गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया की चेयरपर्सन बीना मोदी के बेटे हैं.
वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं. जिनमें आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी और व्यवसायी चारु मोदी शामिल हैं. अपनी मां और अन्य निदेशकों के साथ कड़वे विवाद के बाद पिछले साल अगस्त में समीर को कंपनी के बोर्ड से हटा दिया गया था.
पुलिस ने समीर मोदी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने समीर मोदी को पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है ताकि पुलिस उनसे मामले को लेकर गहराई से पूछताछ कर सके और सबूत इकट्ठे किए जा सकें. पुलिस का कहना है कि कस्टडी में पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
समीर मोदी लंबे समय से विभिन्न कानूनी और कारोबारी विवादों में घिरे रहे हैं.
₹11,000 करोड़ की संपत्ति का विवाद: यह विवाद उनके पिता के.के. मोदी की संपत्ति को लेकर है. समीर मोदी, उनकी मां बीना मोदी और भाई-बहनों के बीच यह कानूनी लड़ाई सालों से चल रही है. कोर्ट में यह मामला लगातार सुनवाई के दौर से गुजर रहा है.
हमले का आरोप: साल 2024 में समीर मोदी ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) ने गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया की बोर्ड मीटिंग के दौरान उन पर हमला किया. समीर मोदी का आरोप था कि यह हमला उन्हें कंपनी के बोर्ड से हटाने की साजिश का हिस्सा था. हालांकि उनकी मां की तरफ से इन आरोपों से इनकार किया गया.
मानहानि केस: गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के दो डायरेक्टर्स ने समीर मोदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया. इस मामले में दिल्ली की अदालत ने उन्हें समन भी भेजा.
कंपनी शेयर विवाद: पारिवारिक संपत्ति विवाद और बोर्ड रूम टकराव के साथ-साथ, समीर मोदी पर कंपनी शेयर खरीद को लेकर भी कानूनी कार्यवाही चल रही है.
समीर मोदी IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी के भाई हैं. ललित मोदी खुद लंबे समय से भारत से बाहर रह रहे हैं और कई जांच एजेंसियों के रडार पर हैं. ऐसे में समीर मोदी के खिलाफ कार्रवाई ने मोदी परिवार पर कानूनी दबाव और बढ़ा दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



